भाकपा की 'बदलाव जरूरी है' पदयात्रा जारी, घर-घर पहुंचकर किया जनसंपर्क महंगाई, बेरोजगारी और श्रमिक मुद्दों को लेकर जनता से जुड़ने का किया आह्वान
भारत सागर न्यूज/देवास। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) द्वारा चलाया जा रहा 'बदलाव जरूरी है' देशव्यापी पदयात्रा अभियान देवास में लगातार जारी है। अभियान के तहत पार्टी कार्यकर्ता प्रतिदिन शहर की विभिन्न कॉलोनियों में पदयात्रा निकालकर घर-घर जनसंपर्क कर रहे हैं तथा लोगों को अभियान से संबंधित पर्चों का वितरण कर जनसमर्थन जुटा रहे हैं। भाकपा के अनुसार यह पदयात्रा 6 अगस्त से 14 अगस्त 2026 तक देशभर में आयोजित की जा रही है।
पदयात्रा के माध्यम से पार्टी कार्यकर्ता जनता के बीच पहुंचकर महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, श्रमिक अधिकारों, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा संविधान की रक्षा जैसे मुद्दों पर अपनी बात रख रहे हैं। पार्टी का कहना है कि वर्तमान परिस्थितियों में जनता को जनहित के मुद्दों पर संगठित होने की आवश्यकता है। अभियान के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने देवास शहर की बिजली, पानी, सड़क और कचरा संग्रहण जैसी स्थानीय समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया। साथ ही नई श्रम संहिताओं को वापस लेने की मांग करते हुए कारखानों एवं दिहाड़ी पर कार्य करने वाले महिला एवं पुरुष श्रमिकों के लिए समान कार्य के बदले प्रतिदिन एक हजार रुपये तथा 30 हजार रुपये मासिक वेतन सुनिश्चित करने की मांग भी की गई।
विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने आदिवासी समाज के प्रति एकजुटता व्यक्त की। भाकपा ने देवास की जनता से पदयात्रा से जुड़ने तथा आगामी नई दिल्ली में आयोजित होने वाली पार्टी की आमसभा में सहभागिता करने की अपील भी की। भाकपा के कॉमरेड कैलाश सिंह राजपूत ने बताया कि अभियान का उद्देश्य जनहित के मुद्दों को व्यापक स्तर पर उठाना और अधिक से अधिक लोगों को पार्टी की विचारधारा से जोड़ना है।



Comments
Post a Comment