छात्राओं ने क्विज़ के जरिए जाना स्वतंत्रता सेनानियों का संघर्ष
भारत सागर न्यूज/देवास। शासकीय माध्यमिक विद्यालय कन्या राधाबाई में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हर्षाेल्लास और देशभक्ति के वातावरण में विशेष राष्ट्रीय क्विज़ प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसका उद्देश्य छात्राओं को स्वतंत्रता संग्राम, वीर सेनानियों के बलिदान और देशभक्ति के इतिहास से रूबरू कराना था। कार्यक्रम का संचालन साहित्यकार एवं विज्ञान शिक्षक रवींद्र वर्मा ने किया। क्विज़ को रोचक और तकनीक आधारित बनाने के लिए प्रयोगशाला शिक्षक अनुभव मिश्रा द्वारा विशेष पीपीटी स्लाइड्स तैयार की गईं।
प्रतियोगिता में स्वतंत्रता सेनानियों के प्रसिद्ध उपनाम, प्रेरणादायी नारे और स्वतंत्रता संग्राम पर आधारित फिल्मों से जुड़े प्रश्न पूछे गए। छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए प्रश्नों के उत्तर दिए और अपनी ज्ञानवर्धक जानकारी का परिचय दिया। क्विज़ के बाद रवींद्र वर्मा ने अपने उद्वोधन में स्वतंत्रता संग्राम के संघर्ष और महान सेनानियों के बलिदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने छात्राओं को अपनी मिट्टी, संस्कृति और देश से जुड़े रहने की प्रेरणा देते हुए कहा कि स्वतंत्र भारत हमें अनगिनत वीरों के त्याग और संघर्ष से मिला है।
कार्यक्रम के अंत में प्रभारी प्रधान अध्यापक मिथिलेश तिवारी सहित स्नेहल सिंह, प्रभा मालवीय, सारिका जैन और संगीता गुप्ता ने आयोजन के लिए रवींद्र वर्मा, पीपीटी निर्माण में सहयोग देने वाले अनुभव मिश्रा तथा संकुल टीम के इमदाद अहमद शेख और विनय मिश्रा का आभार व्यक्त किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं की सराहना करते हुए सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी गईं।



Comments
Post a Comment