प्रेस क्लब देवास अध्यक्ष ललित शर्मा का निधन, अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में शामिल हुए समाज जन

 



भारत सागर न्यूज/देवास। प्रेस क्लब देवास के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार श्री ललित शर्मा का 15 अगस्त 2026, शनिवार को निधन हो गया। उनके निधन का समाचार मिलते ही पत्रकारिता जगत, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों, समाजजनों एवं शहरवासियों में शोक की लहर दौड़ गई। 15 अगस्त को सुबह वे वरिष्ठ नागरिक संस्था एवं प्रेस क्लब देवास के संयुक्त ध्वजारोहण कार्यक्रम में उपस्थित हुए थे। तत्पश्चात ब्राह्मण समाज के सामाजिक कार्यक्रम में भी आप शामिल हुए वहां से लौटते समय अचानक तबियत बिगड़ी और वे सभी को छोड़कर चले गए। वे स्वर्गीय श्री केशवराव शर्मा के सुपुत्र तथा श्री जयंत शर्मा के अनुज थे। उनके निधन से परिवार सहित पत्रकारिता जगत ने एक कर्मठ एवं मिलनसार व्यक्तित्व को खो दिया। श्री ललित शर्मा की अंतिम यात्रा 15 अगस्त को दोपहर 3:30 बजे उनके निज निवास, मिश्रीलाल नगर एक्सटेंशन, गोकुल गार्डन के पीछे, देवास से निकली। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में समाजजन, पत्रकार साथी, राजनीतिक पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, परिवारजन, स्थानीय नागरिकों सहित कन्या शहरों से भी परिचित जन शामिल हुए। सभी ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।अंतिम यात्रा मुक्ति धाम पहुंची, जहां उनका अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम यात्रा में शामिल लोगों ने श्री ललित शर्मा के पत्रकारिता एवं सामाजिक क्षेत्र में योगदान को याद करते हुए भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान प्रबुद्धजनों एवं उपस्थित लोगों ने अपने-अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि श्री शर्मा का सहज, सरल एवं मिलनसार व्यवहार सदैव लोगों के बीच स्मरणीय रहेगा। उनके निधन से देवास के पत्रकारिता जगत को अपूरणीय क्षति हुई है। श्री ललित शर्मा अपने पीछे परिवार में पुत्री ऐश्वर्या एवं पुत्र अथर्व शर्मा सहित भरा-पुरा परिवार छोड़ गए हैं।

आज अस्थि संचय एवं शोक बैठक-

परिजनों द्वारा दी गई जानकारी अनुसार अस्थि संचय 17 अगस्त 2026, सोमवार को प्रातः 9 बजे निज निवास, मिश्रीलाल नगर एक्सटेंशन, गोकुल गार्डन के पीछे, देवास से किया जाएगा। वहीं शोक बैठक 17 अगस्त को शाम 4 बजे से 6 बजे तक गोकुल गार्डन, कैलामाता मंदिर के सामने, देवास में रखी गई है।

Comments

Popular posts from this blog

सतपुड़ा एकेडमी में हुआ देवी स्वरूपा कन्याओं का पूजन

आपत्तिजनक अवस्था में पकड़े गये देवास के मोहनलाल को उम्रकैद !

हाईवे पर होता रहा मौत का ख़तरनाक तांडव, दरिंदों ने कार से बांधकर युवक को घसीटा