महाकाल मंदिर में कांवड़ यात्रियों का हाईवोल्टेज ड्रामा, बैरिकेडिंग तोड़कर सुरक्षाकर्मियों को पीटा और दानपेटियां फेंकी
भारत सागर न्यूज/उज्जैन। उज्जैन के विश्व प्रसिद्ध महाकाल मंदिर में ओंकारेश्वर के खेड़ीघाट से नर्मदा जल लेकर पहुंचे कुछ उपद्रवी कांवड़ यात्रियों ने जमकर तांडव मचाया। दोपहर ढाई बजे के बाद दर्शन के नाम पर मंदिर में घुसे इन लोगों ने नंदी हॉल के बैरिकेड्स पर भयंकर उपद्रव किया और व्यवस्थाओं को तहस-नहस कर दिया। इस दौरान बीच-बचाव करने आए कर्मचारियों और सुरक्षाकर्मियों के साथ जमकर मारपीट और दुर्व्यवहार किया गया।
उपद्रवियों का गुस्सा यहीं नहीं थमा, उन्होंने मंदिर की बैरिकेडिंग तोड़ने के साथ ही भेंटपेटी और दानपेटियों को भी पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया। इस हिंसक झड़प और तोड़फोड़ में कई सुरक्षाकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिससे मंदिर परिसर में अफरा-तफरी मच गई। आस्था की आड़ में हुई इस शर्मनाक हरकत से महाकाल भक्तों में भी भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।
घटना के बाद मंदिर प्रशासन पूरी तरह सख्त हो गया है। महाकाल मंदिर के सहायक प्रशासक आशीष पलवाडिया ने दो टूक शब्दों में कहा है कि इस पूरे घटनाक्रम को बेहद गंभीरता से लिया गया है और उपद्रवियों के खिलाफ अब कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। मंदिर समिति ने साफ कर दिया है कि परिसर में अनुशासनहीनता और कानून से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।



Comments
Post a Comment