हरियाली अमावस पर निकली कलश यात्रा, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश नवांकुर सखी हरियाली यात्रा में उमड़े ग्रामीण, बिल्वपत्र के पौधे बांटे

 

भारत सागर न्यूज/देवास। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के तत्वावधान में विकासखंड देवास के ग्राम बरोठा में हरियाली अमावस के अवसर पर नवांकुर सखी हरियाली यात्रा का आयोजन किया गया। इसके तहत महिलाओं ने गल दरवाजा से नीलकंठेश्वर महादेव मंदिर तक कलश यात्रा निकाली। ढोल-ढमाकों के साथ यात्रा निकली। ग्रामवासियों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। नीलकंठेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का अभिषेक किया। इसके साथ ही पीपल, बिल्वपत्र, कन्या पूजन किया। पं. आचार्य भूषण उपाध्याय ने मंत्रोच्चार के साथ पूजन संपन्न कराया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री से सम्मानित एवं सेक्टर अध्यक्ष धर्मेंद्रसिंह राजपूत ने भी पूजन किया।





पौधारोपण को बनाएं परिवार की परंपरा : राजपूत 

तपस्या लोक कल्याण सामाजिक समिति के सेक्टर अध्यक्ष धर्मेंद्रसिंह राजपूत ने कहा कि हरियाली अमावस केवल पूजा-पाठ का पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति और पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का अवसर भी है। जिस तरह हम अपने परिवार के सुख-समृद्धि की कामना करते हैं, उसी तरह आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए पर्यावरण संरक्षण भी जरूरी है। इस वर्ष भीषण गर्मी ने हमें प्रकृति के असंतुलन का एहसास कराया है। ऐसे में प्रत्येक परिवार को पौधारोपण को अपनी परंपरा बनाना चाहिए। परिवार के किसी सदस्य के जन्मदिन या विशेष अवसर पर एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प लेना चाहिए।



जिला अधिकारी डॉ. सुप्रीति यादव ने कहा कि यात्रा का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ लोगों का प्रकृति से संबंध और मजबूत करना है। उन्होंने महिलाओं से परिवार के प्रत्येक सदस्य के जन्मदिन पर पौधारोपण करने का आह्वान किया। ब्लॉक अधिकारी नीलम सोनी ने जल एवं पर्यावरण संरक्षण को मानव जीवन के लिए सबसे पुनीत कार्य बताते हुए कहा कि आने वाली पीढ़ी को सुरक्षित रखने के लिए जल और पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि जन अभियान परिषद द्वारा 16 अगस्त तक प्रदेश के सभी 313 विकासखंडों में नवांकुर सखी हरियाली यात्रा के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। कार्यक्रम के अंत में महिलाओं को बीजरोपित थैलियां एवं पौधे वितरित किए गए। कन्या पूजन के दौरान कृषिका एवं राजनंदिनी का पूजन किया। 



इस अवसर पर ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति अध्यक्ष एवं नवांकुर सखी विमल नागर, निशा यादव सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति उपस्थित रही। यात्रा बरोठा थाना प्रभारी सविता सिंह, विजयसिंह बैस, नंदूराम भूरिया एवं रवि चौधरी सहित पुलिस बल ने व्यवस्था संभाली।

Comments

Popular posts from this blog

सतपुड़ा एकेडमी में हुआ देवी स्वरूपा कन्याओं का पूजन

आपत्तिजनक अवस्था में पकड़े गये देवास के मोहनलाल को उम्रकैद !

हाईवे पर होता रहा मौत का ख़तरनाक तांडव, दरिंदों ने कार से बांधकर युवक को घसीटा