तिरंगा यात्रा निकालकर दिया देशभक्ति और एकता का संदेश
भारत सागर न्यूज/देवास। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति की भावना जागृत करने एवं राष्ट्रीय एकता का संदेश देने के उद्देश्य से सोनकच्छ नगर के खिलाड़ियों द्वारा भव्य तिरंगा यात्रा निकाबली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में खिलाड़ियों एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। हाथों में तिरंगा लेकर निकले प्रतिभागियों ने भारत माता के जयकारों से वातावरण को राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया। यह आयोजन खेल एवं युवा कल्याण विभाग देवास, उड़ान स्पोर्ट्स विकास समिति सोनकच्छ एवं ब्लू बर्ड्स फुटबॉल क्लब सोनकच्छ के तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत नगर के शासकीय विद्यालय परिसर से हुई। यहां से तिरंगा यात्रा महाराणा प्रताप चौक, डांगा रोड होते हुए पुनः शासकीय विद्यालय पहुंची, जहां यात्रा का समापन किया गया। यात्रा के दौरान बच्चों में खासा उत्साह नजर आया।
कार्यक्रम में बच्चों को फल का वितरण भी किया गया। यात्रा के उद्घाटन अवसर पर युवा समन्वयक जावेद पठान ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। युवाओं और बच्चों में राष्ट्रप्रेम की भावना मजबूत करना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि खेल के माध्यम से बच्चों में अनुशासन, नेतृत्व और देश के प्रति समर्पण की भावना विकसित होती है। इस अवसर पर हाल ही में सीबीएसई क्लस्टर प्रतियोगिता में सिल्वर मेडल प्राप्त करने वाली बालिका वॉलीबॉल टीम को सम्मानित किया गया। अतिथियों ने खिलाड़ियों की उपलब्धि की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उड़ान स्पोर्ट्स विकास समिति के सचिव सचिन सिंह परिहार ने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश के गौरव, एकता, संघर्ष और बलिदान की पहचान है।
उन्होंने बच्चों को खेल एवं शिक्षा के साथ देश के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में फुटबॉल कोच विल्सन निनामा, सुरेन ठाकुर (कालू कप्तान), राहुल सिंह पिलवानी,रॉबर्ट निनामा दीप्ति बिंजवा, अजीम खान, हॉकी कोच अंकित टोपो, एवं वॉलीबॉल कोच आयुष गांगड़े सहित अन्य खेल प्रशिक्षक, खिलाड़ी एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे। सभी ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया। तिरंगा यात्रा के दौरान देशभक्ति के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। आयोजन का उद्देश्य नई पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और खेल भावना को बढ़ावा देना रहा।



Comments
Post a Comment