मर्क्युरस नाइट्राइट की खोज एक महत्वपूर्ण वैज्ञानिक नवाचार है प्राचार्य कन्या महाविद्यालय में राष्ट्रीय रसायन दिवस का आयोजन

 




भारत सागर न्यूज/देवास। महारानी पुष्पमाला राजे पवार शासकीय कन्या महाविद्यालय, देवास के रसायन शास्त्र विभाग द्वारा 2 अगस्त को आचार्य प्रफुल्ल चंद्र राय के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में मनाए जाने वाले राष्ट्रीय रसायन दिवस के क्रम में 4 अगस्त को स्लोगन लेखन एवं चित्रांकन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी सृजनात्मक प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. जी. डी. सोनी ने अपने उद्बोधन में कहा कि आचार्य प्रफुल्ल चंद्र राय रसायन विज्ञान के जनक समान हैं तथा उनके द्वारा मर्क्युरस नाइट्राइट की खोज एक महत्वपूर्ण वैज्ञानिक नवाचार है।




 उन्होंने यह भी बताया कि आचार्य राय के योगदान से न केवल रसायन विज्ञान के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति हुई, बल्कि शिक्षण एवं शोध के विकास को भी नई दिशा प्राप्त हुई। साथ ही विभिन्न धातुओं के नाइट्राइड के निर्माण में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने अपने प्रेरणादायी शब्दों से छात्राओं को प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम संयोजक डॉ. अनुपमा तिवारी ने अपने उद्बोधन में बताया कि आचार्य प्रफुल्ल चंद्र राय न केवल एक महान वैज्ञानिक एवं शिक्षक थे, बल्कि सच्चे देशभक्त भी थे। उन्होंने आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद शिक्षा प्राप्त की तथा बाद में अपनी आय का एक हिस्सा जरूरतमंद विद्यार्थियों की सहायता में समर्पित किया। बंगाल केमिकल्स की स्थापना कर उन्होंने स्वदेशी उद्योगों एवं समाज सेवा को भी बढ़ावा दिया। कार्यक्रम का संचालन अलीशा खान द्वारा किया गया तथा प्रतियोगिता का मूल्यांकन डॉ. जी. डी. सोनी, प्रो. चारुशीला भोसले एवं प्रो. राजीव साहू द्वारा किया गया।



प्रतियोगिता में प्रियांशी भार्गव ने प्रथम, कहकशा अंसारी ने द्वितीय तथा स्वाति नरवरिया ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम का सफल समन्वयन करते हुए आभार प्रदर्शन कार्यक्रम संयोजक डॉ. अनुपमा तिवारी द्वारा किया गया। इस अवसर पर रसायन शास्त्र विभाग के सदस्य प्रो. किरण तावड़े, प्रो. रजनी, प्रो. वंदना राजपूत, श्रीमती अर्चना बोकाडे एवं प्रेम दीदी उपस्थित रहे, जिन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया। साथ ही प्रो. उज्ज्वला बाबर, प्रो. अनीता भाना, प्रो. शर्मिला काटे, प्रो. दीपन्विता गांगुली, प्रो. पूजा सोनी, प्रतीक्षा चौहान एवं मालवीय सर की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में छात्र समन्वयक अलीशा खान, कशिश, अमनांशी एवं योगिता भी उपस्थित रहीं तथा उन्होंने सक्रिय सहयोग प्रदान किया।

Comments

Popular posts from this blog

सतपुड़ा एकेडमी में हुआ देवी स्वरूपा कन्याओं का पूजन

आपत्तिजनक अवस्था में पकड़े गये देवास के मोहनलाल को उम्रकैद !

हाईवे पर होता रहा मौत का ख़तरनाक तांडव, दरिंदों ने कार से बांधकर युवक को घसीटा