सड़क निर्माण की मांग को लेकर बड़ाटीगरिया से क्षिप्रा तक विशाल पैदल मार्च
भारत सागर न्यूज/देवास। बड़ाटीगरिया से क्षिप्रा तक जर्जर प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की सड़क के निर्माण एवं सुधार की मांग को लेकर रविवार को युवा किसान संगठन के नेतृत्व में विशाल पैदल मार्च निकाला गया। मार्च का शुभारंभ बड़ाटीगरिया में राष्ट्रगान के साथ हुआ। पैदल मार्च गांगरदी, भड़ापीपलिया, छापरी, छोटा टिगरिया, कुमारिया, पार्वतीपुर, मकोड़िया, नगोरा एवं सुखलिया होते हुए क्षिप्रा पहुंचा। बड़ी संख्या में किसानों, ग्रामीणों, युवाओं एवं क्षेत्रवासियों ने इसमें शामिल होकर सड़क निर्माण की मांग को लेकर आवाज बुलंद की। इस अवसर पर पूर्व लोकसभा प्रत्याशी राजेंद्र मालवीय, मदनलाल जेटवा, ब्लॉक अध्यक्ष सोहन पटेल, विक्रम पार्षद, राकेश खिरनी, संदीप पटेल, प्रकाश पटेल, सेजल पटेल, अश्विन सरपंच नारियाखेड़ा, जीवन चौधरी केलोद, रोहित पटेल, जगदीश पटेल, राजेश पटेल, रवि पटेल, हरिसिंह जी, राहुल चौहान, दीपक पटेल, कपिल पटेल, देवेंद्र चौधरी एवं ललित चौधरी सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
20 दिन में काम शुरू नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन की चेतावनी-
युवा किसान संगठन के अध्यक्ष रविन्द्र चौधरी ने उपस्थित क्षेत्रवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि देश में पंचायत, पीडब्ल्यूडी, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, नगर निगम, विकास प्राधिकरण और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण सहित अनेक एजेंसियां सड़क निर्माण का कार्य करती हैं। इसके बावजूद देश की आजादी के 80 वर्ष पूरे होने के बाद भी हमारे क्षेत्र के लोगों को अच्छी सड़क जैसी मूलभूत सुविधा उपलब्ध नहीं है। उन्होंने कहा कि यह शासन-प्रशासन की घोर लापरवाही और गैरजिम्मेदाराना रवैये का प्रमाण है। लगातार पांचवीं बार हाटपीपल्या क्षेत्र से भाजपा को प्रतिनिधित्व मिलने के बावजूद सड़क जैसी बुनियादी सुविधा का अभाव जनता का अपमान है।
रविंद्र चौधरी ने कहा कि एक ओर क्षेत्र में एयरपोर्ट बनाने की घोषणाएं की जा रही हैं, वहीं दूसरी ओर स्थिति यह है कि ग्रामीणों को साइकिल चलाने लायक सड़क तक उपलब्ध नहीं है। उन्होंने कहा, “सड़क चाहिए, आश्वासन नहीं; निर्माण चाहिए, बहाने नहीं; गुणवत्ता चाहिए, भ्रष्टाचार नहीं।” प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 20 दिनों के भीतर सड़क निर्माण का कार्य शुरू नहीं किया गया, तो युवा किसान संगठन के नेतृत्व में क्षेत्रवासी व्यापक एवं उग्र जनआंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। उन्होंने कहा कि यह संघर्ष जनता के अधिकार और क्षेत्र के विकास के लिए है तथा सड़क निर्माण होने तक जारी रहेगा।



Comments
Post a Comment