शिप्रा नदी से निकली द्वितीय कावड़ यात्रा, नागधम्मन पहुंचकर भक्तों ने किया अभिषेक और महाआरती

 



भारत सागर न्यूज/देवास। सावन के तीसरे सोमवार एवं नाग पंचमी के पावन पर्व पर बालगढ़ क्षेत्र के शिव भक्तों द्वारा आस्था और भक्ति से ओतप्रोत द्वितीय कावड़ यात्रा निकाली गई। विकेश मोदी ने बताया कि कावड़ यात्रा शिप्रा नदी से प्रारंभ हुई, जहां श्रद्धालुओं ने पवित्र जल भरकर नागदा की कटीली पहाड़ियों के बीच स्थित प्रसिद्ध नागधम्मन महादेव के लिए प्रस्थान किया। कांवड़ियों ने पूरे मार्ग में भगवान भोलेनाथ के जयकारों के साथ यात्रा पूरी की। यात्रा के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों द्वारा कांवड़ियों का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया तथा जलपान सहित विभिन्न व्यवस्थाएं की गईं। धार्मिक जयघोषों से पूरा मार्ग शिवमय नजर आया। नागधम्मन पहुंचने के बाद भक्तों ने भगवान नागधम्मन महादेव का शिप्रा नदी से लाए गए पवित्र जल से जलाभिषेक किया। पं. मनीष दुबे द्वारा विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं महाआरती कराई गई। महाआरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।



आस्था के साथ प्रकृति के बीच भक्ति का अद्भुत नजारा-

कटीली पहाड़ियों के बीच स्थित नागधम्मन महादेव तक पहुंची कावड़ यात्रा में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। बालगढ़ के भक्तों द्वारा लगातार दूसरे वर्ष आयोजित की गई इस कावड़ यात्रा ने नाग पंचमी के पर्व को और भी विशेष बना दिया। पूरी यात्रा के दौरान हर-हर महादेव, बोल बम और जय भोलेनाथ के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।



बालगढ़ के नागधम्मन भक्तों ने बताया कि भगवान नागधम्मन महादेव के प्रति क्षेत्रवासियों की गहरी आस्था है और इसी आस्था को लेकर प्रतिवर्ष कावड़ यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। यात्रा का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ क्षेत्र की सुख-शांति और समृद्धि के लिए भगवान भोलेनाथ से प्रार्थना करना है। कावड़ यात्रा के सफल आयोजन में भक्तों, युवाओं एवं क्षेत्रवासियों का विशेष सहयोग रहा।

Comments

Popular posts from this blog

सतपुड़ा एकेडमी में हुआ देवी स्वरूपा कन्याओं का पूजन

आपत्तिजनक अवस्था में पकड़े गये देवास के मोहनलाल को उम्रकैद !

हाईवे पर होता रहा मौत का ख़तरनाक तांडव, दरिंदों ने कार से बांधकर युवक को घसीटा