तुलसी के राम साहित्यिक आयोजन से संपन्न हुई काव्य शब्दांजलिसंस्था संसार ने मनाया तुलसी जयंती काव्योत्सव
भारत सागर न्यूज/देवास। महाकवि तुलसीदास जी की जयंती पर रामचरित आधारित काव्य संध्या का आयोजन संस्कृति साहित्य रचनालय संसार देवास में काव्योत्सव के रूप में मनाया गया। तुलसी के राम शीर्षक से संपन्न इस आयोजन ने एक नवीन शुरूआत कर मालवा के कवि, शायर, साहित्यकारों की महफिल सजाई। जिसमें महाकवि तुलसी एवं रामचरित तथा देशप्रेम आधारित कविताओं का रचना पाठ किया गया। तुलसी जयंति महोत्सव कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जैनेन्द्रसिंह पंवार समाजसेवी उपाध्यक्ष अखिल भारतीय महासभा थे तथा काव्योत्सव की अध्यक्षता राष्ट्रीय कवि देवकृष्ण व्यास ने की। विशेष अतिथि के रूप में विचारक शरीफ खान थे। अतिथियों का स्वागत महासचिव विजय जोशी, संस्था उपाध्यक्ष श्रीराम कुमावत, संगीता मूसलगांवकर, अक्षय गोस्वामी, बालकृष्ण वर्मा आदि ने किया। सरस्वती वंदना आरती गोस्वामी द्वारा की गई पश्चात कवि सम्मेलन प्रारंभ हुआ।
प्रथम कवि राजेश राज ने कहा ब्रह्म से ब्रह्माण्ड से धरती गगन आकाश से उठ रहा चहुंओर श्रीराम का जय घोष है। कवियत्री साधना टोक्कर ने कहा शिव मेरा मैं शिव की जोगन शिव ही मेरे मन में समाया। कवि देव निरंजन की प्रस्तुति में सुख समझने लग गए हो संताप को क्या धोखा हो गया है आपको। कवि त्रिभुवन शर्मा ने अपना गीत राम नाम की महिमा को तुलसी ने घर घर फैलाया दुनिया के जन मानस में प्रतिरूप राम ही छाया को सराहा गया। व्यंगकार राजेन्द्र तिवारी नीलम ने पढ़ा जो भी चमक बची है हमारी संभाल कर रखें जिंदगी थोड़ी ही सही उजालकर रखें। कवि राधेश्याम पांचाल ने श्रीराम चरित पर खंड काव्य को पढ़ा आशीष दिया करूणा निधि ने पर अपना काव्य पाठ किया। कवि विजय जोशी ने अपनी शैली में कहा सब्र करते करते जो शबरी हो गया फिर राम का उसके घर आना तय हो गया। शायर मोईन खान मोईन ने इतना हसीन किस तरह अपना वतन बना पर दाद बटोरी। डॉ. इकबाल मोदी ने जगमग जगमग दीप जले पर शानदार गजल कही।
शायर मकसूद शाह ने वो कहते है चमन तो हमारा है के पश्चात कवियत्री आरती गोस्वामी ने सुंदरतम गीत राम नाम का दीप जलाकर जग को राह दिखाई है तुलसी ने मानस लिखकर गाथा घर घर पहुंचाई है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे देवकृष्ण व्यास ने राम कथा गुणगान ही बना रात दिन खास हर पल मर्यादा पुरूषोत्तम रहते तुलसी के पास गीत के माध्यम से मर्यादा को जन जन तक पहुंचाया है से समापन किया। कार्यक्रम का संचालन संस्था संसार के प्रदेश अध्यक्ष त्रिभुवन शर्मा ने किया। आभार महासचिव विजय जोशी ने माना।



Comments
Post a Comment