देवास जिला क्रिकेट एसोसिएशन की वार्षिक सभा संपन्न, चयन समितियों का गठन, दिनेश पांचाल बने चेयरमैन
भारत सागर न्यूज/देवास। देवास जिला क्रिकेट एसोसिएशन की वार्षिक साधारण सभा रविवार को इनोवेटिव पब्लिक स्कूल में अध्यक्ष डॉ. महेंद्र सिंह सिकरवार की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में एसोसिएशन की वर्षभर की गतिविधियों की समीक्षा की गई, विभिन्न आयु वर्गों की चयन समितियों का गठन किया गया तथा संगठनात्मक जिम्मेदारियों का विस्तार करते हुए दिनेश पांचाल को एसोसिएशन का नया चेयरमैन नियुक्त किया गया। सभा की शुरुआत में अध्यक्ष डॉ. महेंद्र सिंह सिकरवार का स्वागत कुमेर सिंह वर्मा, भगवान सिंह जाधव एवं सदाकत अली ने किया। इसके बाद सचिव अरुण रघुवंशी ने एसोसिएशन की गतिविधियों एवं आगामी योजनाओं की विस्तृत जानकारी सदस्यों के समक्ष रखी।
बैठक में अंडर-13, अंडर-15 एवं अंडर-18 चयन समिति के लिए राहुल लखमानी, सचिन शर्मा, कामिल खान, इंद्रजीत सिंह और आयुष भूतरा को जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं अंडर-22 एवं सीनियर टीम चयन समिति में श्रीकांत बक्शी, कुमेर सिंह वर्मा, मनोज शर्मा और मुकेश मिश्रा को शामिल किया गया। इसके अलावा अनुशासन समिति में आई.के. शेख, भगवान सिंह जाधव, श्रीकांत उपाध्याय और सय्यद मकसूद अली को सदस्य बनाया गया। कोषाध्यक्ष मनोज शर्मा ने वर्ष 2025-26 का आय-व्यय एवं लेखा-जोखा प्रस्तुत किया, जिसे सदस्यों ने सर्वसम्मति से स्वीकार किया।
सभा के दौरान सर्व शिक्षा अभियान अनुदान समिति के सदस्य बनने पर मनोज श्रीवास्तव, देवास जिला अभिभाषक संघ के सचिव निर्वाचित होने पर चंद्रपाल सिंह सोलंकी (छोटू) तथा बैंक नोट प्रेस देवास में शासकीय सेवा में चयनित होने पर इंद्रजीत सिंह राठौर का सम्मान किया गया। साथ ही दिवंगत सदस्य स्व. विकास जायसवाल को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनकी स्मृति में पौधरोपण भी किया गया। कार्यक्रम के अंत में देवास जिला क्रिकेट एसोसिएशन ने दिनेश पांचाल को संगठन का चेयरमैन नियुक्त किया। कार्यक्रम का संचालन सय्यद मकसूद अली ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन मनोज शर्मा ने व्यक्त किया।
इस अवसर पर विनोद जायसवाल, आदिल पठान, ज्ञानचंद लखानी, जय लछवानी, श्रीकांत बक्शी, श्रीकांत उपाध्याय, सुभाष पांडे, मुजीब शेख, सुनील जोशी, राजेंद्र पाटीदार, आशीष सिंह, शोएब खान, शुभम शेरा, सदाकत अली, मुकेश सिंह, अनुज, आशीष आशापुरे सहित बड़ी संख्या में क्रिकेट एसोसिएशन के सदस्य उपस्थित रहे।




Comments
Post a Comment