पूरे गांव के किसानों को नहीं मिली फसल बीमा राशि, जनसुनवाई में कलेक्टर से लगाई न्याय की गुहार

 




भारत सागर न्यूज/देवास। जिले के ग्राम थुरिया, तहसील कन्नौद के किसानों ने मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में जिला कलेक्टर को सामूहिक आवेदन सौंपकर प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत बीमा राशि दिलाने की मांग की। किसानों का आरोप है कि वर्ष 2023-24 एवं 2024-25 की फसलों का बीमा कराने के बावजूद आज तक गांव के किसी भी किसान को बीमा दावा राशि प्राप्त नहीं हुई है, जबकि आसपास के क्षेत्र के किसानों को दोनों वर्षों की बीमा राशि मिल चुकी है।




किसानों ने आवेदन में बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत अपनी फसलों का विधिवत बीमा कराया था। प्राकृतिक आपदा के कारण फसलों को भारी नुकसान हुआ, लेकिन इसके बावजूद अब तक बीमा कंपनी की ओर से किसी भी किसान के खाते में दावा राशि नहीं पहुंची है। इस संबंध में किसानों ने कई बार संबंधित बैंक, कृषि विभाग एवं बीमा कंपनी से संपर्क किया, लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ। ग्रामीणों का कहना है कि फसल बीमा राशि नहीं मिलने से किसान आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। 




खेती में हुए नुकसान की भरपाई नहीं होने के कारण किसानों पर आर्थिक बोझ बढ़ता जा रहा है। किसानों ने कलेक्टर से मांग की है कि ग्राम थुरिया के सभी किसानों के प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर शीघ्र फसल बीमा राशि का भुगतान कराया जाए। साथ ही मामले में लापरवाही बरतने वाले संबंधित अधिकारियों एवं संस्था की जिम्मेदारी तय करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि किसानों को न्याय मिल सके। जनसुनवाई के दौरान दुर्गाशंकर पटेल, मोहन पटेल जमुनिया, जगदीश पटेल, पंकज पटेल, प्रदीप चौबे, गोपाल पटेल, बालमुकुंद बारवाल, ग्राम थुरिया के सरपंच प्रतिनिधि गणेश उइके सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं किसान उपस्थित रहे।

Comments

Popular posts from this blog

सतपुड़ा एकेडमी में हुआ देवी स्वरूपा कन्याओं का पूजन

आपत्तिजनक अवस्था में पकड़े गये देवास के मोहनलाल को उम्रकैद !

हाईवे पर होता रहा मौत का ख़तरनाक तांडव, दरिंदों ने कार से बांधकर युवक को घसीटा