देवास के विधि महाविद्यालय की उपलब्धियों का अभिनंदन, प्राचार्य डॉ. चौहान सम्मानित
उत्कृष्ट कार्यों के सम्मान से गौरवान्वित हुआ शासकीय विधि महाविद्यालय, देवास
राहुल परमार, देवास । स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर आयोजित जिला स्तरीय गरिमामय समारोह में शासकीय विधि महाविद्यालय, देवास के प्राचार्य डॉ. अजय कुमार चौहान को उनके उत्कृष्ट, अनुकरणीय एवं प्रशंसनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। यह सम्मान न केवल डॉ. चौहान की कार्यनिष्ठा और समर्पण का अभिनंदन है, बल्कि शासकीय विधि महाविद्यालय, देवास की निरंतर प्रगति एवं उपलब्धियों पर भी शासन-प्रशासन की मुहर है।
समारोह में मध्यप्रदेश शासन के नगरीय विकास एवं आवास तथा संसदीय कार्य मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय ने डॉ. अजय कुमार चौहान को प्रशस्ति-पत्र एवं शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया। महाविद्यालय में शैक्षणिक उन्नयन, प्रशासनिक दक्षता तथा संस्थान की गरिमा एवं प्रगति के लिए किए गए उनके उल्लेखनीय प्रयासों को इस सम्मान के माध्यम से विशेष रूप से रेखांकित किया गया।
डॉ. चौहान ने अपने दायित्वों के निर्वहन में जिस प्रतिबद्धता, दूरदृष्टि और कर्मठता का परिचय दिया है, वह निश्चित रूप से संस्थान के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके नेतृत्व में महाविद्यालय ने शैक्षणिक एवं संस्थागत विकास की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति अर्जित की है।
इस गरिमामय सम्मान के अवसर पर जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों सहित शहर के गणमान्य नागरिक, विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। डॉ. चौहान को सम्मान प्राप्त होने पर महाविद्यालय परिवार एवं शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
यह सम्मान डॉ. अजय कुमार चौहान की कर्मशीलता का अभिनंदन होने के साथ-साथ शासकीय विधि महाविद्यालय, देवास के लिए भी गौरव का विषय है।


Comments
Post a Comment