अधूरी सड़क और नाली निर्माण से ग्रामीण परेशान, जनसुनवाई में कलेक्टर से लगाई गुहार
भारत सागर न्यूज/देवास। जिले के ग्राम थुरिया, तहसील कन्नौद के ग्रामीणों ने मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में जिला कलेक्टर को आवेदन सौंपकर गांव में अधूरी पड़ी सड़क एवं नाली निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण कार्य लंबे समय से अधूरा होने के कारण आमजन को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
आवेदन में बताया गया कि ग्राम थुरिया में सड़क और नाली निर्माण का कार्य शुरू किया गया था, लेकिन अब तक इसे पूरा नहीं किया गया है। अधूरे निर्माण के कारण गांव की गलियों में गंदे पानी का जलभराव और कीचड़ की स्थिति बनी हुई है। इससे राहगीरों, किसानों तथा स्कूली बच्चों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि जलभराव और गंदगी के कारण क्षेत्र में मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे डेंगू, मलेरिया सहित अन्य संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका बनी हुई है।
ग्रामीणों का कहना है कि समस्या से कई बार संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक निर्माण कार्य पूरा नहीं कराया गया। जनसुनवाई में सौंपे गए आवेदन में कलेक्टर से मांग की गई कि मामले की जांच कर संबंधित विभाग एवं ठेकेदार को शीघ्र अधूरी सड़क और नाली निर्माण का कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए जाएं, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके। इस दौरान दुर्गशंकर पटेल, मोहन पटेल जमुनिया, जगदीश पटेल, पंकज पटेल, प्रदीप चौबे, गोपाल पटेल, बालमुकुंद बारवाल, ग्राम थुरिया सरपंच प्रतिनिधि गणेश उइके बड़ी संख्या में ग्रामीण और किसान उपस्थित रहे।



Comments
Post a Comment