विद्यार्थियों ने नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम में ली नशे से दूर रहने की शपथ
भारत सागर न्यूज/देवास। नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत डेल्टा स्कूल, अमलावती में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय सेवा केंद्र मोती बंगला, देवास से पधारीं आदरणीय ऋतु दीदी ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक जीवन को बर्बाद कर देता है।
इसलिए प्रत्येक विद्यार्थी को स्वस्थ, सकारात्मक और संस्कारयुक्त जीवन अपनाते हुए हर प्रकार के नशे से दूर रहना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को समझाया कि मित्रों के दबाव या किसी भी परिस्थिति में नशे की शुरुआत नहीं करनी चाहिए, क्योंकि नशे की लत लगना आसान है, लेकिन उससे बाहर निकलना अत्यंत कठिन होता है। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और नशा मुक्ति से जुड़े संदेशों को गंभीरता से सुना।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य मिथुन विश्वास ने ब्रह्माकुमारी बहनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को जीवन में सदैव सही मार्ग का चयन करना चाहिए। प्राचार्य ने अपने संबोधन में कहा कि आज का युवा देश का भविष्य है। यदि युवा वर्ग नशे की गिरफ्त में आ जाता है तो राष्ट्र की प्रगति प्रभावित होती है। नशा क्षणिक आनंद देता है, लेकिन इसके दुष्परिणाम जीवनभर व्यक्ति और उसके परिवार को भुगतने पड़ते हैं। इससे शारीरिक बीमारियां, मानसिक तनाव, पारिवारिक कलह और आर्थिक समस्याएं उत्पन्न होती हैं। कार्यक्रम के समापन पर सभी विद्यार्थियों को जीवनभर नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई गई।



Comments
Post a Comment