इन्वेस्टिचर सेरेमनी मे नवगठित स्टूडेंट काउंसिल ने ली शपथ
भारत सागर न्यूज/देवास। एकेडमिक कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल में विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, जिम्मेदारी एवं सेवा भावना विकसित करने के उद्देश्य से इन्वेस्टिचर सेरेमनी का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। समारोह में विद्यालय की नवगठित स्टूडेंट काउंसिल के पदाधिकारियों को विभिन्न दायित्व सौंपे गए तथा उन्हें पद एवं कर्तव्यों की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम के अतिथि समग्र शिक्षा अभियान नियुक्ति समिति के सदस्य घनश्याम कटारिया थे एवं विशेष अतिथि हाई कोर्ट एडवोकेट मनोज श्रीवास्तव ने समारोह में उपस्थित होकर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। अतिथियों का विद्यालय परिवार द्वारा आत्मीय स्वागत किया गया। समारोह की शुरुआत विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत मार्च पास्ट से हुई। अनुशासन एवं आत्मविश्वास के साथ कदमताल करते हुए छात्र-छात्राओं ने अपनी नेतृत्व क्षमता एवं टीम भावना का शानदार प्रदर्शन किया। इसके पश्चात नवगठित स्टूडेंट काउंसिल के पदाधिकारियों का बैज पिनिंग समारोह आयोजित किया गया। विभिन्न पदों पर चयनित छात्र-छात्राओं को बैज प्रदान कर उनके दायित्वों से अवगत कराया गया।
इसके बाद आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में छात्र परिषद के सदस्यों ने विद्यालय के नियमों एवं मूल्यों का पालन करते हुए अपने दायित्वों का ईमानदारी, निष्ठा और अनुशासन के साथ निर्वहन करने की शपथ ली। इस अवसर पर विद्यार्थियों में विशेष उत्साह एवं गौरव का भाव दिखाई दिया। अतिथियों ने नवनियुक्त छात्र नेताओं को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यार्थियों को नेतृत्व का अवसर देना शिक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने कहा कि एक अच्छा नेता वही होता है जो स्वयं अनुशासन का पालन करने के साथ-साथ दूसरों के लिए प्रेरणास्रोत बने।
मुख्य अतिथि एवं विशेष अतिथियों ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यालय जीवन में प्राप्त नेतृत्व के अवसर भविष्य के व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा से पालन करने के लिए प्रेरित किया। समारोह के दौरान विद्यालय के शिक्षकगण एवं विद्यार्थी उत्साह और उमंग से उपस्थित रहे। अंत में सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की उपस्थिति में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का गरिमामय समापन हुआ।



Comments
Post a Comment