अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने बी.कॉम प्रथम वर्ष के परिणाम में गड़बड़ी पर उठाए सवाल




भारत सागर न्यूज/देवास। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) देवास ने विक्रम विश्वविद्यालय द्वारा घोषित बी.कॉम प्रथम वर्ष के परीक्षा परिणाम में गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए कुलपति के नाम ज्ञापन सौंपा। परिषद ने मांग की है कि परीक्षा परिणाम की निष्पक्ष जांच कर त्रुटियों को शीघ्र सुधारते हुए संशोधित परिणाम जारी किया जाए। अभाविप के विभाग संयोजक दक्ष यादव ने बताया कि बी.कॉम प्रथम वर्ष के घोषित परिणाम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों को पांच या उससे अधिक विषयों में एटीकेटी (सप्लीमेंट्री) दी गई है।



इससे विद्यार्थियों में असंतोष और भ्रम की स्थिति बनी हुई है। परिषद का कहना है कि परिणाम में तकनीकी या मूल्यांकन संबंधी त्रुटियों की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता, इसलिए विश्वविद्यालय को पूरे मामले की गंभीरता से जांच करनी चाहिए। ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि विश्वविद्यालय द्वारा विभिन्न जिलों के महाविद्यालयों के प्राध्यापकों को इस संबंध में बुलाया जा रहा है, लेकिन केवल औपचारिकता निभाने के बजाय विद्यार्थियों के हित में परिणामों का पुनः परीक्षण कर त्रुटियों का निराकरण किया जाना आवश्यक है।




 परिषद ने मांग की है कि सभी विसंगतियों को दूर कर संशोधित परीक्षा परिणाम पुनः जारी किया जाए, ताकि विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित न हो। अभाविप ने चेतावनी दी है कि यदि विश्वविद्यालय द्वारा जल्द ही परिणाम में सुधार नहीं किया गया, तो विद्यार्थियों के हित में चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी विश्वविद्यालय प्रशासन की होगी।

Comments

Popular posts from this blog

सतपुड़ा एकेडमी में हुआ देवी स्वरूपा कन्याओं का पूजन

आपत्तिजनक अवस्था में पकड़े गये देवास के मोहनलाल को उम्रकैद !

हाईवे पर होता रहा मौत का ख़तरनाक तांडव, दरिंदों ने कार से बांधकर युवक को घसीटा