नागदा में सावन के प्रथम सोमवार पर निकली भव्य मां भुनेश्वरी कांवड़ यात्रा, पूर्व मंत्री व विधायक ने किया स्वागत
भारत सागर न्यूज/नागदा। सावन के प्रथम सोमवार के अवसर पर उज्जैन जिले की नागदा तहसील में आस्था और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। मां भुनेश्वरी माता मंदिर समिति के तत्वावधान में हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी नागदा से विकमपुर तक भव्य कांवड़ यात्रा निकाली गई। यात्रा में हजारों शिवभक्तों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और भगवान शिव के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।
करीब 14 किलोमीटर की यात्रा तय कर कांवड़िए विकमपुर पहुंचे, जहां नगरवासियों ने विभिन्न स्थानों पर स्वागत पंडाल लगाकर पुष्पवर्षा और जलपान की व्यवस्था के साथ श्रद्धालुओं का भव्य स्वागत किया। पूरे मार्ग पर "हर-हर महादेव" और "बम-बम भोले" के जयघोष गूंजते रहे।
इस अवसर पर नागदा विधायक तेज बहादुर सिंह चौहान ने कांवड़ यात्रा में शामिल होकर श्रद्धालुओं का स्वागत किया तथा सभी क्षेत्रवासियों को सावन पर्व की शुभकामनाएं दीं। वहीं पूर्व कैबिनेट मंत्री सुल्तान सिंह शेखावत सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक भी यात्रा में शामिल हुए।
मां भुनेश्वरी माता मंदिर समिति द्वारा वर्षों से आयोजित की जा रही इस कांवड़ यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। यात्रा शांतिपूर्ण और धार्मिक वातावरण में संपन्न हुई।




Comments
Post a Comment