कीचड़ और गड्ढों से आवागमन ठप, स्कूली बच्चों व किसानों को हो रही भारी परेशानी, मरम्मत और कार्रवाई की मांग
भारत सागर न्यूज/देवास। नंदा नगर मेंढकीचक क्षेत्रवासियो ने मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में आवेदन देकर आम रास्ते की मरम्मत कराने तथा जिम्मेदार व्यक्ति के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि एक निर्माणाधीन गोदाम के लिए लगातार डंपरों की आवाजाही से रास्ता पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है, जिससे आवागमन में भारी परेशानी हो रही है।
आवेदन में जितेंद्र चौधरी, अर्जुन चौधरी, कन्हैया चौधरी, हुकम पटेल सहित अन्य किसानों ने बताया कि उनके मकान मंगलम गार्डन के पीछे स्थित निजी भूमि पर हैं। ग्रामीणों ने जनसहयोग से मुख्य सड़क से अपने घरों तक आने-जाने के लिए मुरम डालकर रास्ता तैयार कराया था, ताकि आवागमन सुगम हो सके। क्षेत्र वासियों का आरोप है कि आनंद नारायण पार्क निवासी दीपक द्वारा खरीदी गई भूमि पर गोदाम का निर्माण कराया जा रहा है। निर्माण कार्य के दौरान भारी डंपरों की आवाजाही से रास्ता पूरी तरह उखड़ गया है। जगह-जगह बड़े गड्ढे और कीचड़ होने से दोपहिया एवं चारपहिया वाहन निकालना मुश्किल हो गया है।
सबसे अधिक परेशानी स्कूल जाने वाले बच्चों को हो रही है, जिन्हें प्रतिदिन कीचड़ से होकर गुजरना पड़ता है। कई बार बच्चे फिसलकर गिर चुके हैं, जिससे उनके कपड़े और स्कूल बैग भी खराब हो जाते हैं। आवेदन में यह भी आरोप लगाया कि रास्ते की मरम्मत कराने और मुरम डलवाने की बात कहने पर संबंधित व्यक्ति द्वारा अभद्र व्यवहार किया गया तथा देख लेने की धमकी दी गई। इससे क्षेत्र के लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। कलेक्टर से मांग की है कि मामले की जांच कर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई की जाए तथा खराब हुए रास्ते की शीघ्र मरम्मत कराकर मुरम डलवाई जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को आवागमन में राहत मिल सके।



Comments
Post a Comment