दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन पर संसद में उठा सवाल, केंद्र ने योजनाओं और उपलब्धियों की दी जानकारी

 



भारत सागर न्यूज/देवास। देवास-शाजापुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी ने लोकसभा में दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम, 2016 के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर केंद्र सरकार से सवाल पूछा। उन्होंने मध्यप्रदेश सहित देवास-शाजापुर लोकसभा क्षेत्र में अधिनियम के पालन, सुगम्यता, रोजगार, शिक्षा, सामाजिक समावेशन तथा राज्य एवं जिला स्तर पर किए गए कार्यों का ब्यौरा मांगा। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री बी.एल. वर्मा ने लिखित उत्तर में बताया कि दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम 2016 के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए केंद्र सरकार विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है। इनमें एडीआईपी योजना, दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति योजना, दीनदयाल दिव्यांगजन पुनर्वास योजना (डीडीआरएस), बाधा-मुक्त वातावरण निर्माण योजना (सीबीएफई) तथा यूडीआईडी (यूडीआईडी) परियोजना प्रमुख हैं। 





इन योजनाओं के माध्यम से दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण, शिक्षा, पुनर्वास, सामाजिक सुरक्षा और सरकारी भवनों में सुगम वातावरण उपलब्ध कराया जा रहा है। सरकार ने बताया कि विभाग के उपलब्ध अभिलेखों के अनुसार सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों ने दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम के तहत आवश्यक नियम अधिसूचित कर दिए हैं। साथ ही विभाग समय-समय पर अपनी योजनाओं की निगरानी और मूल्यांकन भी कर रहा है। एडीआईपी योजना, प्रधानमंत्री दिव्याशा-वयोश्री केंद्रों तथा दिव्यांग विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति योजना का तृतीय-पक्ष मूल्यांकन कराया गया है, जिसमें योजनाओं को दिव्यांगजनों के जीवन स्तर और रोजगार क्षमता में सुधार के लिए प्रभावी पाया गया। 




उत्तर में यह भी बताया गया कि मूल्यांकन के आधार पर योजनाओं के क्रियान्वयन को और मजबूत करने के लिए कई सुधारात्मक कदम उठाए गए हैं। विभाग ने दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम के तहत सुगम्यता संबंधी प्रावधानों को लागू करने के लिए निर्मित पर्यावरण एवं डिजिटल सुगम्यता के लिए समरूप दिशानिर्देश अधिसूचित किए हैं। इसके अलावा सुगम्यता ऑडिट के लिए 60 निर्मित पर्यावरण विशेषज्ञों तथा 16 वेब सुगम्यता ऑडिटरों को सूचीबद्ध किया गया है, जिनकी सेवाएं राज्य सरकारें एवं अन्य संबंधित प्राधिकरण आवश्यकता अनुसार ले सकते हैं। उक्त जानकारी देवास शाजापुर लोकसभा मीडिया प्रभारी शेखर कौशल ने दी।

Comments

Popular posts from this blog

सतपुड़ा एकेडमी में हुआ देवी स्वरूपा कन्याओं का पूजन

आपत्तिजनक अवस्था में पकड़े गये देवास के मोहनलाल को उम्रकैद !

हाईवे पर होता रहा मौत का ख़तरनाक तांडव, दरिंदों ने कार से बांधकर युवक को घसीटा