नव-प्रवेशित विद्यार्थियों के दस्तावेज जमा करने अतिरिक्त काउंटर लगाने की मांग

 

भारत सागर न्यूज/देवास। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस में सत्र 2026-27 के अंतर्गत नव-प्रवेशित छात्र-छात्राओं के दस्तावेज जमा करने के लिए अतिरिक्त काउंटर की व्यवस्था किए जाने की मांग को लेकर भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) ने सोमवार को प्राचार्य को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन एनएसयूआई जिला अध्यक्ष श्रीकांत चौहान के निर्देशानुसार एवं छात्र नेता संजय बोडाना के नेतृत्व में सौंपा गया। ज्ञापन का वाचन सोहन मंडलोई ने किया। छात्र प्रतिनिधियों ने बताया कि कॉलेज में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने नए प्रवेश लिए हैं। ऐसे में आवश्यक दस्तावेज, आई.सी. एवं अन्य शैक्षणिक प्रमाणपत्र जमा करने के लिए विद्यार्थियों को लंबी कतारों और अव्यवस्था का सामना करना पड़ रहा है। छात्र नेताओं ने दस्तावेज जमा करने के लिए विशेष एवं अतिरिक्त काउंटर शुरू करने की मांग की, ताकि प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी हो सके।



दस्तावेज जमा नहीं होने पर छात्रवृत्ति में आ सकती है परेशानी छात्र नेता संजय बोडाना ने बताया कि यदि नव-प्रवेशित विद्यार्थियों के दस्तावेज एवं आई.सी. समय पर जमा नहीं हुए तो उन्हें विश्वविद्यालय नामांकन, परीक्षा आवेदन पत्र भरने तथा मुख्यमंत्री मेधावी सहित अन्य शासकीय छात्रवृत्ति योजनाओं का लाभ लेने में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने कॉलेज प्रबंधन से विद्यार्थियों के हित में तत्काल व्यवस्था करने की मांग की। ज्ञापन में मांग की गई कि नव-प्रवेशित विद्यार्थियों के दस्तावेज जमा करने के लिए अतिरिक्त काउंटर शुरू किए जाएं, संबंधित कर्मचारियों को प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए जाएं तथा अंतिम तिथि और आवश्यक दस्तावेजों की स्पष्ट जानकारी मुख्य सूचना पटल एवं डिजिटल माध्यमों से विद्यार्थियों तक पहुंचाई जाए। 




प्राचार्य ने छात्रहित को ध्यान में रखते हुए मामले में शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर छात्र नेता राहुल सिंह ठाकुर, प्रिंस त्रिवेदी, अभिषेक चौहान, संजय बोडाना, अजय बामनिया, पवन परमार, अभिजीत सिंह राजपूत सहित बड़ी संख्या में कॉलेज के छात्र एवं छात्र प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Comments

Popular posts from this blog

सतपुड़ा एकेडमी में हुआ देवी स्वरूपा कन्याओं का पूजन

आपत्तिजनक अवस्था में पकड़े गये देवास के मोहनलाल को उम्रकैद !

हाईवे पर होता रहा मौत का ख़तरनाक तांडव, दरिंदों ने कार से बांधकर युवक को घसीटा