देवास से उज्जैन तक निकलेगी विशाल महाकाल दर्शन यात्रा नेशनल यूनिटी ग्रुप की पहल, बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं से शामिल होने की अपील
भारत सागर न्यूज/देवास। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त, शनिवार को सामाजिक संस्था नेशनल यूनिटी ग्रुप के तत्वावधान में विशाल महाकाल दर्शन यात्रा का आयोजन किया जाएगा। यात्रा देवास से भगवान श्री महाकालेश्वर के दर्शन के लिए उज्जैन रवाना होगी। आयोजन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं और शहर के विभिन्न क्षेत्रों में आमंत्रण पत्र वितरित किए जा रहे हैं। संस्था संस्थापक अनिल सिंह ठाकुर ने बताया कि यात्रा का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सामूहिक रूप से बाबा महाकाल के दर्शन कराना तथा धार्मिक और देश भक्ति से प्रेरित एकता का संदेश देना है। उन्होंने शहरवासियों से परिवार सहित यात्रा में शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित करने का आग्रह किया।
यात्रा 15 अगस्त को प्रातः 9 बजे श्री मनकामनेश्वर महादेव मंदिर, पुराना बस स्टैंड परश्री मानकामनेश्वर महादेव का जलाभिषेक कर पूजा, अर्चना,आरती से प्रारंभ होगी। यात्रा में बड़ी संख्या में शिवभक्तों के शामिल होने की संभावना है। आयोजन में विभिन्न सामाजिक संगठनों का भी सहयोग प्राप्त हो रहा है। ठाकुर ने बताया कि यात्रा को सफल बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की जा रही हैं।
संस्था के सुनील सिंह ठाकुर, हटे सिंह ठाकुर, सीताराम योगी, लक्ष्मण सिंह सिसोदिया, गुड्डू मसाले वाला, रफीक पठान,जय सिंह ठाकुर, सत्यराज सिंह ठाकुर, अभिजीत सिंह गौड, सार्थक चौहान, अभिषेक सोनी, रवि ठाकुर, मनोहर पटेल आदि ने शिव भक्तों माताओं, बहनों, अधिक से अधिक संख्या में पधारकर इस धार्मिक यात्रा में शामिल होकर भगवान महाकाल का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।



Comments
Post a Comment