सन्नोड में वेलस्पन फाउंडेशन द्वारा स्वास्थ्य शिविर आयोजित, ग्रामीणों की जांच कर दिया परामर्श
भारत सागर न्यूज/देवास। वेलस्पन की 40वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में वेलस्पन फाउंडेशन फॉर हेल्थ एंड नॉलेज (डब्लूयुएफएचके) द्वारा "वेलस्पन फाउंडेशन सीएसआर पहल" के अंतर्गत 13 अगस्त को देवास जिले की सन्नोड पंचायत भवन में एक नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना और उन्हें समय पर उपचार उपलब्ध कराना रहा। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया।
इस दौरान उपस्थित एमबीबीएस चिकित्सक द्वारा मरीजों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। साथ ही सामान्य बीमारियों के लिए नि:शुल्क दवाओं का वितरण भी किया गया। स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पाकर ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना की। वेलस्पन फाउंडेशन फॉर हेल्थ एंड नॉलेज ने बताया कि संस्था समाज के अंतिम व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के उद्देश्य से लगातार कार्य कर रही है।
इसी कड़ी में आयोजित यह स्वास्थ्य शिविर ग्रामीणों के लिए लाभकारी साबित हुआ। शिविर के सफल आयोजन में सहयोग प्रदान करने के लिए संस्था ने सन्नोड पंचायत के सरपंच, पंचायत सचिव एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का विशेष आभार व्यक्त किया। संस्था ने कहा कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं कर्मचारियों के सहयोग से ही यह जनकल्याणकारी पहल सफलतापूर्वक संपन्न हो सकी और अधिक से अधिक लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा सकीं।



Comments
Post a Comment