सरकारी भूमि पर नीम और जामुन के पेड़ काटने का आरोप, कलेक्टर से कार्रवाई की मांग
भारत सागर न्यूज/देवास। ग्राम नागुखेड़ी के ग्रामीणों ने जनसुनवाई में जिला कलेक्टर के नाम आवेदन देकर नेचरल ग्रीन कॉलोनी के रहवासियो द्वारा रात्रि में सरकारी भूमि पर लगे छायादार एवं फलदार वृक्षों की कथित अवैध कटाई का आरोप लगाया है। शिकायत में मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने और कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।
शिकायत के अनुसार, 3 अगस्त 2026 को रात्रि लगभग 8 से 9 बजे के बीच ग्रामीणजन अपने घर के बाहर निकले तो सामने सड़क के उस पार स्थित शासकीय भूमि पर एक जामुन तथा एक नीम के पेड़ को काटा जा रहा था। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि कमलसिंह, अतुल पतासे, सचिन, प्रिंस प्रजापति एवं कुमावत द्वारा यह कटाई की जा रही थी। विरोध करने पर कथित रूप से विवाद, गाली-गलौज तथा धमकी देने की बात भी शिकायत में कही गई है।
आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि घटना का वीडियो बनाया गया है, जिसे आवश्यकता पड़ने पर जांच के दौरान प्रस्तुत किया जाएगा। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि वयस्क वृक्षों की कटाई मध्य प्रदेश भू-राजस्व संहिता, 1959 की धारा 240 का उल्लंघन है। कलेक्टर को दिए गए आवेदन में शिकायतकर्ता अर्जुन प्रजापति, गौरी शंकर, बने सिंह, जय सिंह, विजय यादव, इंदिरा, संजय, आंचल आदि अन्य ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने तथा नियमानुसार कठोर कार्रवाई करने की मांग की है।



Comments
Post a Comment