भोपाल में चित्रोत्सव फोटोग्राफी प्रदर्शनी का आयोजन देवास के सौरभ की तस्वीर को मिली विशिष्ट पहचान
भारत सागर न्यूज/ देवास। विश्व फोटोग्राफी दिवस के अवसर पर 18 एवं 19 अगस्त को रवींद्र भवन, भोपाल में चित्रोत्सव फोटोग्राफी एग्जीबिशन का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में देशभर के करीब 40 फोटोग्राफर्स ने हिस्सा लिया। इस दौरान 140 से अधिक चुनिंदा तस्वीरें प्रदर्शित की गईं। प्रदर्शनी के दौरान विख्यात फोटोग्राफर एवं प्रोफेसर एस.के. मवाल की स्मृति में विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार प्रदान किए गए।
नेचर कैटेगरी में देवास के फोटोग्राफर सौरभ दुबे की जलप्रपात की तस्वीर पवित्र स्थान को पुरस्कार से सम्मानित किया गया। सौरभ दुबे फोटोग्राफी के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुके हैं। उन्हें इससे पहले भी कई राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है। प्रकृति और प्राकृतिक दृश्यों पर आधारित उनकी फोटोग्राफी को देश-विदेश में सराहना मिलती रही है। कार्यक्रम का आयोजन वरुण नामदेव द्वारा किया गया।
इस अवसर पर फोटोग्राफी क्षेत्र से जुड़े कलाकारों, फोटोग्राफर्स एवं प्रतिभागियों ने प्रदर्शनी में प्रदर्शित तस्वीरों की सराहना की। कार्यक्रम के समापन अवसर पर एस.के. मवाल के पुत्र आर.के. मवाल एवं अनुराग दुबे ने सभी प्रतिभागियों, आयोजकों और अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। चित्रोत्सव के माध्यम से देशभर के फोटोग्राफर्स को अपनी कला, प्रतिभा और रचनात्मक दृष्टिकोण प्रदर्शित करने का मंच मिला। वहीं, एस.के. मवाल की स्मृति में प्रदान किए गए पुरस्कारों ने फोटोग्राफी के क्षेत्र में उनके योगदान को याद करते हुए नई प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने का कार्य किया।



Comments
Post a Comment