ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए 45 दिवसीय निःशुल्क प्रशिक्षण शुरू, घर बैठे मिलेगा रोजगार का अवसर
भारत सागर न्यूज/देवास। शासन-प्रशासन की मंशा को साकार करते हुए ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को कौशल विकास के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सराहनीय पहल की गई। दीपावली के अवसर पर मातृशक्ति महिला एवं बाल विकास प्रशिक्षण केंद्र एवं कार्यशाला देवास के अंतर्गत आयुषी सिलाई एवं बुटिक ट्रेनिंग सेंटर द्वारा 45 दिवसीय निःशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ 11 नवंबर को ग्राम लोहाना में किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि इंदौर रेडीमेड कारखाने से मोहन मालवीया निलेश चौहान ,डॉ. कृपासिंह बामणिया एवं डॉ. सुनील मालवीय सहित ग्रामीणजन उपस्थित रहे। अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया तथा महिलाओं को कौशल सीखकर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम का संचालन सलोनी चौहान ने किया। प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को सभी प्रकार की सिलाई, रेडीमेड वस्त्र निर्माण, बुटिक कार्य एवं ब्यूटी पार्लर संबंधी प्रशिक्षण दिया जाएगा। खास बात यह है कि प्रशिक्षण पूरा होने के बाद जो महिलाएं घर पर ही सिलाई का कार्य करना चाहेंगी, उन्हें रेडीमेड सिलाई एवं बुटिक से संबंधित कार्य भी उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए महिलाओं को कार्य के नमूने (सैंपल) तथा हाईटेक सिलाई मशीन किट उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है, ताकि वे घर बैठे रोजगार प्राप्त कर सकें और परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत बना सकें। यह प्रशिक्षण देवास जिले के अलग-अलग विकासखंडों में संचालित किया जाएगा। प्रथम चरण में देवास विकासखंड के ग्राम लोहाना एवं टोंकखुर्द विकासखंड के ग्राम कलमा में प्रशिक्षण दिया जाएगा।
इसमें आसपास के 5 से 10 किलोमीटर के दायरे में आने वाले गांवों की महिलाएं भी लाभान्वित हो सकेंगी। प्रशिक्षण में शामिल होने की इच्छुक महिलाएं मोबाइल नंबर 9755641965 पर संपर्क कर अपना पंजीयन करा सकती हैं। ग्राम लोहाना में आयोजित शुभारंभ कार्यक्रम में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। इस अवसर पर प्रोजेक्ट समन्वयक बंशीलाल चौहान, जिला समन्वयक मंजू चौहान, सावित्री परमार, राधा तंवर सहित अनेक ग्रामीण महिलाएं एवं पुरुष उपस्थित रहे। अंत में आयुषी चौहान ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया।


Comments
Post a Comment