निगम चुनाव में कांग्रेस की तरफ से चौधरी परिवार की दावेदारी मजबूत, कांग्रेस पार्टी में सभी के साथ देने का भी किया दावा

  • डेढ़ दशक से लगातार जीतते आ रहा है चौधरी परिवार
  • तीन अलग-अलग वार्डो में दीपक चौधरी और उनके पिता शिवा चौधरी बने हैं पार्षद

देवास।नगर निगम चुनाव के लिए देवास सीट महिला आरक्षित होते ही दोनों दलों में विभिन्न दावेदार अपनी दावेदारी जता रहे हैं। कांग्रेस की तरफ से पूर्व पार्षद शिवा चौधरी एवं उनके पार्षद बेटे दीपक चौधरी के परिवार से भी दावेदारी सामने आई है। पार्षद दीपक चौधरी की पत्नी मनीषा चौधरी ने नगर निगम चुनाव में महापौर प्रत्याशी के रूप में अपना दावा ठोकते हुए कहा है कि इस चुनाव में जनता उनके लिए चुनाव लड़ने को तैयार है। साथ ही पूरी कांग्रेस पार्टी भी दमखम के साथ चुनावी मैदान में उतरेगी।  



पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए श्रीमती मनीषा दीपक चौधरी ने कहा कि हमारा परिवार लगातार पिछले करीब डेढ़ दशक से विभिन्न क्षेत्रों में सेवा कार्य कर रहा है। अलग वार्डों में मेरे पति और ससुर ने पार्षद रहकर तमाम समस्याओं को हल किया है। तीनों वार्ड की जनता हमारे द्वारा करवाये गए विकास कार्यों से परिचित है। कांग्रेस पार्टी के हर उम्मीदवार का हमारे परिवार ने पार्टी लाइन पर चलकर बिना किसी गुटबाजी के हमेशा साथ दिया है। पार्टी के सच्चे सिपाही के रूप में चाहे विधानसभा हो या लोकसभा या फिर नगर निगम, हर चुनाव में पार्टी को जिताने के लिए पूरी मेहनत लगाई है। पार्टी लाइन में चलने के लिए परिवार ने निजी स्वार्थ कभी भी नहीं देखे। 

उन्होंने कहा कि देवास में मुख्य रूप से पैकी, नजूल और शहर की कालोनियों की कई ऐसी समस्याएं हैं जिनको तुरंत हल करने की जरूरत है। पैकी के कारण देवास में हर कोई परेशान है। नक्शे पास नहीं होते, बैंक लोन नहीं देती। आप कुछ करो तो नगर निगम से मकान तोड़ने वाले पहुंच जाएंगे। ये गंभीर समस्या है। इसके अलावा सफाई, स्वास्थ्य, सड़क, स्ट्रीट लाइट जैसी समस्याओं को हल करना है। पूरे शहर को सुंदर और विशेषकर महिलाओं के लिए सुरक्षित बनाने की दिशा में लंबा काम करने की जरूरत महसूस होती है। हर गली नुक्कड़ पर सीसीटीवी कैमरों को लगाना प्राथमिकता में रहेगा। कि अवैध कॉलोनियों के लोग परेशान हैं, उनको भी वैध करने की आवश्यकता शहर को है। 



श्रीमती चौधरी ने कहा कि पार्टी में निश्चित ही हमारे परिवार की सर्वमान्यता रहेगी, क्योंकि हमने हमेशा पार्टी लाइन पर रहकर काम किया है। पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता का सम्मान हम करते हैं। टांग खींचने जैसी कोई बात नहीं है। पूरी कांग्रेस पार्टी एक जुट होकर चुनाव मैदान में उतरेगी ओर परिणाम हमारे पक्ष में ही होगा। पूरा देवास अब भाजपा की परिषद और इनकी नगर निगम के नेताओं के क्रियाकलापों से वाकिफ है। पूरा जनमानस अब कांग्रेस के साथ आकर शहर के विकास में नए आयाम गढ़ने का मन बना चुका है और यह चुनाव जनता खुद लड़ने के लिए कमर कस चुकी है। बहरहाल अब देखना यह है कि कांग्रेस पार्टी पुरानी परंपरा को छोड़कर क्या लगातार अलग-अलग वार्डों से 3 चुनाव जीतने वाले इस परिवार पर दाव लगाती है, या फिर एक बार फिर से किसी हारने वाले उम्मीदवार पर दांव खेलती है। फिलहाल दावेदार और जनता दोनों ही वेट एंड वॉच के मूड में दिखाई देते हैं।

Comments

Popular posts from this blog

सतपुड़ा एकेडमी में हुआ देवी स्वरूपा कन्याओं का पूजन

आपत्तिजनक अवस्था में पकड़े गये देवास के मोहनलाल को उम्रकैद !

हाईवे पर होता रहा मौत का ख़तरनाक तांडव, दरिंदों ने कार से बांधकर युवक को घसीटा