आधी रोटी पकाकर खाई, धरने के दौरान संविदा कर्मचारियों ने किया अनोखा प्रदर्शन

 







देवास। अपनी दो सूत्री मांगों के लिए 15 दिसंबर से हड़ताल कर रहे संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों ने सातवें दिन अनूठे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। धरने पर बैठे संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों ने बुधवार को धरना स्थल पर आधी रोटी बनाई और यह रोटी धरना स्थल पर बैठकर ही खाई। उनका उद्देश्य शासन को यह बताना था कि एक चौथाई सैलरी में कैसे गुजारा कर रहे हैं। आधी ही रोटी बना पा रहे हैं और आधा ही पेट खाना खा पा रहे हैं।





जिलाध्यक्ष राजेश गुर्जर ने बताया कि आंदोलन के तहत रोज नए नए तरीके अपनाकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। इस बार भी संविदा स्वास्थ्य कर्मियों ने ऐसा ही तरीका अपनाया। वे नियमितीकरण और मानदेय भुगतान की मांग कर रहे हैं। मल्हार स्मृति उद्यान में प्रतिदिन एकत्रित हो रहे संविदा स्वास्थ्य कर्मी रोज अलग ही रंग में नजर आ रहे हैं। अब तक वे धरना स्थल से रैली निकालकर मानव श्रृंखला बना चुके हैं। हनुमान जी को ज्ञापन देने, रामचरितमानस का पाठ, मुख्यमंत्री को ट्वीट करने जैसे टोटके भी वे अपनी हड़ताल में अपना चुके है। बुधवार को भी सैकड़ों की तादाद में एकत्रित होकर आधी रोटी बनाई। तत्पश्चात भाजपा कार्यालय पहुंचे और मुख्यमंत्री के नाम जिलाध्यक्ष राजीव खंडेलवाल को ज्ञापन सौंपा। संविदा स्वास्थ्य कर्मियों ने सरकार से उनकी 2 सूत्री मांगे पूरी करने की गुहार लगाई है उन्होंने कहा कि उनकी मांगें जल्द नहीं मानी गई तो शुरू की गई कलम बंद हड़ताल लगातार जारी रहेगी। उन्होंने दावा किया है कि हड़ताल की वजह से स्वास्थ्य सेवाएं बुरी तरह से प्रभावित हो रही है। संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी अनिश्चितकालीन कलमबंद हड़ताल पर चले गए है।

कर्मचारियों ने कहा की लोक स्वास्थ्य परिवार कल्याण विभाग के अंतर्गत राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन मध्यप्रदेश में लगभग 32,000 संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी कार्यरत है। जो की विगत 1 से 20 वर्षों से लगातार कार्यरत है। जिन्होंने कोरोना काल के दौरान भी अपनी जान हथेली पर रखकर लगातार स्वास्थ्य सेवाएं दी है। जिसमें अपने कई साथियों को भी खोया है। उन्होंने मांग की है कि उन्हें अन्य राज्यों की तरह नियमित किया जाए। नियमित कर्मचारियों का न्यूनतम 90 प्रतिशत वेतन व अन्य सुविधाएं दी जाए। इस अवसर पर भामसं के पूर्व प्रदेश महामंत्री एवं प्रदेश प्रभारी राज्य स्वास्थ्य कर्मचारी संघ मध्य प्रदेश के लक्ष्मी नारायण मारू, लोकेश विजयवर्गीय, संभागीय प्रमुख अजय उपाध्याय, जिला अध्यक्ष पवन प्रजापति, जिलामंत्री कमल चौहान, एवं सीएचओ संगठन जिलाध्यक्ष हिमांशी सिंह सहित जिले के समस्त संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी एवं सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी उपस्थित थे।



Comments

Popular posts from this blog

मध्यप्रदेश की विधानसभा के विधानसभावार परिणाम .... सीधे आपके मोबाइल पर | election results MP #MPelection2023

हाईवे पर होता रहा मौत का ख़तरनाक तांडव, दरिंदों ने कार से बांधकर युवक को घसीटा

क्या देवास में पवार परिवार के आसपास विघ्नसंतोषी, विघटनकारी असामाजिक, अवसरवादियों सहित अवैध व गैर कानूनी कारोबारियों का जमघट कोई गहरी साजिश है ? या ..... ?