अवैध मदिरा के खिलाफ आबकारी विभाग की सख्त कार्रवाई: 57 बल्कलीटर जप्त....
भारत सागर न्यूज/देवास - देवास कलेक्टर ऋतु राज सिंह के निर्देशन में, सहायक आबकारी आयुक्त श्रीमती मंदाकिनी दीक्षित के मार्गदर्शन तथा सहायक जिला आबकारी अधिकारी दिलीप कनासे के नेतृत्व में अवैध मदिरा के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई की गई।
दिनांक 14 जुलाई 2025 को, देवास क्षेत्र में गश्त के दौरान, आबकारी विभाग को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम खटांबा के पास इंदौर-भोपाल हाईवे पर अजय पिता राय सिंह सेंधव अपनी चाय की गुमटी से अवैध मदिरा बेच रहा है।
मुखबिर की सूचना पर आबकारी दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चाय की गुमटी की विधिवत तलाशी ली। तलाशी के दौरान एक लोहे के बॉक्स में 60 पॉवर कैन बीयर और एक बोरे में 150 पाव देशी प्लेन मदिरा, कुल 57 बल्क लीटर देशी एवं विदेशी मदिरा (बीयर) जप्त की गई।
चूंकि जप्त की गई मदिरा की मात्रा 50 बल्क लीटर से अधिक थी, इसे आबकारी विभाग ने अपने कब्जे में ले लिया।
इस मौके पर आरोपी अजय मौके से फरार हो गया, जिसके गिरफ्तार करने का प्रयास जारी है।
आरोपी के खिलाफ मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। जप्त की गई मदिरा का कुल बाजार मूल्य 18,450 रुपये है।




Comments
Post a Comment