नगर निगम की लापरवाही भारी पड़ी, अब संपत्ति जब्ती की नौबत...!




भारत सागर न्यूज/देवास। नगर निगम एक बार फिर विवादों में घिर गया है। ठेकेदार को वर्षों पुराना भुगतान न करने के मामले में जिला न्यायालय के आदेश के बाद मंगलवार को कोर्ट की टीम नगर निगम कार्यालय पहुंची और कुर्की की कार्रवाई को लेकर जानकारी दी। हालांकि संबंधित अधिकारी के उपलब्ध न होने के चलते तत्काल कार्रवाई नहीं हो सकी, लेकिन आने वाले दिनों में यह कार्रवाई आगे बढ़ सकती है। 



जानकारी के अनुसार, कुर्की के लिए निगम के पुराने वाहनों को चिन्हित किया जा रहा है, जिन्हें जब्त किया जाएगा।यह मामला हातिमी इलेक्ट्रिकल फर्म से जुड़ा है, जिसने वर्ष 2014-15 और 2015-16 में नगर निगम द्वारा निकाले गए टेंडर के तहत विद्युत संबंधी कार्य किया था। तय शर्तों के अनुसार काम पूरा करने के बाद भी करीब 35 लाख रुपये से अधिक का भुगतान निगम द्वारा नहीं किया गया। 



ठेकेदार द्वारा कई बार प्रयास किए जाने के बावजूद जब भुगतान नहीं हुआ, तो उसने जिला न्यायालय में याचिका दायर की। कोर्ट ने लगभग छह माह पहले नगर निगम को ब्याज सहित भुगतान के आदेश दिए थे। अपील करने के बावजूद आदेश बरकरार रहा, जिसके बाद अब कुर्की की नौबत आ गई है। ब्याज मिलाकर नगर निगम को अब करीब 50 लाख रुपये से अधिक का भुगतान करना है। 



मामले को लेकर निगम प्रशासन अब परेशान नजर आ रहा है और अपनी साख बचाने के प्रयास में भुगतान की संभावनाएं तलाश रहा है। मंगलवार को कोर्ट की टीम ने कुर्की कार्रवाई से संबंधित जानकारी जुटाई और नगर निगम कर्मचारियों से चर्चा के बाद लौट गई। अब कार्रवाई की अगली तारीख में निगम की संपत्ति जब्त की जा सकती है।

Comments

Popular posts from this blog

आपत्तिजनक अवस्था में पकड़े गये देवास के मोहनलाल को उम्रकैद !

हाईवे पर होता रहा मौत का ख़तरनाक तांडव, दरिंदों ने कार से बांधकर युवक को घसीटा

सतपुड़ा एकेडमी में हुआ देवी स्वरूपा कन्याओं का पूजन