बाबा महाकाल की सवारी के लिए उज्जैन तैयार, ‘वैदिक उद्घोष’ बनेगा थीम!
भारत सागर न्यूज/उज्जैन। उज्जैन में इस वर्ष सावन माह की शुरुआत 11 जुलाई से हो रही है। सावन का प्रथम सोमवार 14 जुलाई को पड़ेगा, इसी दिन बाबा महाकाल की पहली सवारी निकाली जाएगी। प्रशासन द्वारा सवारी को भव्य, सुरक्षित और सुचारु रूप से आयोजित करने के लिए सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।
इस वर्ष पहली सवारी की थीम ‘वैदिक उद्घोष’ रखी गई है, जिसके अंतर्गत उज्जैन के 25 गुरुकुलों के 500 से अधिक बटुक रामघाट पर सवारी पूजन के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार करेंगे। साथ ही मध्यप्रदेश के विभिन्न जनजातीय नृत्य दल पारंपरिक नृत्य के माध्यम से बाबा महाकाल के प्रति श्रद्धा प्रकट करेंगे।
श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु सफाई, दर्शन मार्ग, पार्किंग, जूता स्टैंड और पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाया गया है। कांवड़ यात्रियों के लिए मंदिर का गेट नंबर 4 निर्धारित किया गया है, जिससे होकर वे सीधे बाबा महाकाल के दर्शन कर सकेंगे।
शीघ्र दर्शन और प्रोटोकाल व्यवस्था पूर्ववत रहेगी, जबकि भस्मारती के समय में परिवर्तन करते हुए मंदिर के पट अब रात ढाई बजे से खोले जाएंगे।
इस बार पूरे सावन माह महाकाल लोक में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा। महाकाल मंदिर के प्रशासक प्रथम कौशिक ने बताया कि आयोजन को गरिमामयी और आध्यात्मिक बनाने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे श्रद्धालुओं को एक दिव्य और भक्ति से परिपूर्ण अनुभव मिल सके।


Comments
Post a Comment