महिदपुर में गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान बवाल, पुलिस पर पथराव – हल्का बल प्रयोग कर स्थिति काबू में
भारत सागर न्यूज/संजय शर्मा (उज्जैन)9424850595। गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान आज महिदपुर में माहौल तनावपूर्ण हो गया। जुलूस में शामिल लव जिहाद की झांकी को लेकर विवाद की स्थिति बन गई। विवाद बढ़ने पर कुछ युवकों ने पुलिस पर पथराव कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को खदेड़ा।
हर साल की तरह इस वर्ष भी महिदपुर में गणेशजी की सवारी निकाली जा रही थी। जुलूस में लव जिहाद से जुड़ी एक विशेष झांकी भी शामिल थी। इस झांकी का मुस्लिम समाज के लोगों ने विरोध जताया और तहसील कार्यालय पहुंचकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा।
इसी दौरान बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए और कुछ असामाजिक तत्वों ने नारेबाजी करते हुए पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। अचानक हुए पथराव से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने तत्काल हल्का बल प्रयोग कर उपद्रवियों को खदेड़ा।
एसपी प्रदीप शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि स्थिति अब पूरी तरह से नियंत्रण में है। किसी प्रकार की अनहोनी न हो इसके लिए अतिरिक्त पुलिस बल महिदपुर में तैनात कर दिया गया है। इलाके में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस बल लगातार गश्त कर रहा है।





Comments
Post a Comment