देवास स्टेशन से दूर होती लंबी दूरी की ट्रेनें, यात्रियों की बढ़ी मुश्किलें...

- नगर जनहित सुरक्षा समिति ने यात्रियों की सुविधा के लिए देवास में स्टॉपेज की फिर उठाई आवाज




भारत सागर न्यूज/देवास।
लंबी दूरी की ट्रेनों का देवास रेलवे स्टेशन से दूरी बनाना शहर के यात्रियों के लिए बड़ी परेशानी बन गया है। ज्यादातर ट्रेनें इंदौर से सीधे उज्जैन जा रही हैं, जिससे देवास जिले के हजारों यात्रियों का समय और धन दोनों बर्बाद हो रहे हैं। देवास में ट्रेनों के स्टॉपेज कम होते जा रहे हैं। इस स्थिति को लेकर नगर जनहित सुरक्षा समिति ने तीखी नाराजगी  जाहिर की है।
नगर जनहित सुरक्षा समिति के अनिलसिंह बैस, विनोदसिंह गौड़ व विजयसिंह तंवर ने बताया कि पहले भी हमने मांग पत्र दिए हैं। इसके बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है। 




लंबी दूरी की ट्रेनें देवास नहीं आने से शहर के यात्रियों को इंदौर या उज्जैन जाकर ट्रेन पकड़ने की मजबूरी है। इससे यात्रियों का समय, अतिरिक्त किराया और मानसिक परेशानी तीनों बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि देवास औद्योगिक नगरी है। देवास जिले से भोपाल, कानपुर, लखनऊ, छतरपुर, प्रयागराज, अयोध्या सहित कई बड़े शहरों के लिए जाने वाले यात्री लगातार परेशान हो रहे हैं।




अमृत भारत, प्रयागराज-इंदौर, महाकाल एक्सप्रेस और इंदौर-अयोध्याधाम जैसी महत्वपूर्ण ट्रेनों का देवास में स्टॉपेज नहीं होना बड़ी समस्या बन गई है। सभी ट्रेनें इंदौर से फतेहाबाद होकर सीधे उज्जैन जा रही हैं, जिससे देवास पूरी तरह नजरअंदाज हो रहा है।समिति के सुभाष वर्मा, सुनीलसिंह ठाकुर, अनूप दुबे, सुरेश रायकवार, तकीउद्दीन काजी, उमेश राय ने देवास में लंबी दूरी की ट्रेनों के स्टॉपेज की मांग करते हुए कहा कि यह फैसला देवास जिले के हजारों यात्रियों के हित में जल्द से जल्द लिया जाना चाहिए। जिले के यात्रियों की सुविधा को देखते हुए इन ट्रेनों को देवास होते हुए संचालित करना चाहिए।

Comments

Popular posts from this blog

आपत्तिजनक अवस्था में पकड़े गये देवास के मोहनलाल को उम्रकैद !

सतपुड़ा एकेडमी में हुआ देवी स्वरूपा कन्याओं का पूजन

हाईवे पर होता रहा मौत का ख़तरनाक तांडव, दरिंदों ने कार से बांधकर युवक को घसीटा