“एक हिन्दू–एक गाय” अभियान से प्रेरित होकर महंत अजय गिरि गोस्वामी ने कुबेर गौशाला से गौ माता को लिया गोद
भारत सागर न्यूज/देवास। मप्र मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन में संचालित श्री कुबेर राज गौ सेवा संस्था मध्य प्रदेश द्वारा संचालित कुबेर गौशाला समिति, मुंगावदा–सिंगावदा में आज एक प्रेरणादायी क्षण देखने को मिला। संस्था के प्रदेश अध्यक्ष महंत तेजुबाबा द्वारा चलाई जा रही जनचेतना मुहिम “एक हिन्दू–एक गाय, प्रत्येक हिंदू के घर गाय” से प्रभावित होकर परम गौभक्त महंत अजय गिरि गोस्वामी ने एक गौ माता को गोद लेकर समाज में महत्वपूर्ण संदेश दिया।
महंत अजय गिरि गोस्वामी ने कहा कि गौ माता की सेवा प्रत्येक हिंदू का अनिवार्य कर्तव्य है और हर हिंदू परिवार को एक-एक गाय अवश्य अपनानी चाहिए। उन्होंने समाज से आग्रह किया कि धर्म और संस्कृति की रक्षा हेतु गौ माता को गोद लेने की परंपरा को आगे बढ़ाया जाए। प्रदेश अध्यक्ष महंत तेजुबाबा ने बताया कि गौ माता के बिना वेद, पुराण और शास्त्र अधूरे हैं। भारतीय देशी गौवंश आज विलुप्ति की कगार पर है, इसलिए सभी गौभक्तों का दायित्व है कि मिलकर देशी गौवंश संरक्षण में योगदान दें। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी निरंतर गौसेवा, गोपालन और गौसंरक्षण को बढ़ावा दे रहे हैं।
उनके नेतृत्व में देशी गौवंश की सुरक्षा हेतु प्रभावी कानून बनाए जा रहे हैं और जनजागरूकता बढ़ाई जा रही है। संस्था ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव स्वयं श्री कुबेर राज गौ सेवा संस्था के मार्गदर्शक के रूप में प्रेरणा स्रोत हैं। उनकी प्रेरणा और समर्थन से प्रदेश के गौभक्त, गौशाला संचालक और गौ सेवा संगठन संरक्षण कार्यों में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त कर रहे हैं। गौसेवा की यह ऊर्जा और जागृति पूरे प्रदेश में तेजी से फैल रही है और “हर हिंदू जाग रहा है” का संदेश जनमानस में उत्साह भर रहा है।
.jpg)


Comments
Post a Comment