खाचरोद में 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
भारत सागर न्यूज/उज्जैन/खाचरोद। 77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर सोमवार को खाचरोद पुलिस ग्राउंड में भव्य एवं गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया गया और देशभक्ति के रंग में पूरा वातावरण सराबोर नजर आया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने देश सेवा, कर्तव्यनिष्ठा और संविधान के प्रति पूर्ण निष्ठा की शपथ ली। पुलिस ग्राउंड में आकर्षक परेड का आयोजन किया गया, जिसने उपस्थित नागरिकों में उत्साह भर दिया।
ध्वजारोहण कार्यक्रम के अंतर्गत एसडीएम नेहा साहु ने सर्वप्रथम स्टेशन रोड स्थित शहीद पार्क, तहसील कार्यालय एवं सब जेल परिसर में तिरंगा फहराकर राष्ट्रगान कराया। इसके पश्चात उन्होंने जेल में निरुद्ध कैदियों को अपने हाथों से मिठाइयाँ वितरित कीं तथा उन्हें सही मार्ग पर चलने की समझाइश दी।
इसके अलावा खाचरोद जनपद पंचायत एवं नगर पालिका परिसर में भी गणतंत्र दिवस समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में पूर्व विधायक दिलीप सिंह गुर्जर, नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद भरावा एवं जनपद अध्यक्ष पृथ्वीराज सिंह पंवार ने तिरंगा फहराया।
समारोह के दौरान स्कूली छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों पर मनमोहक प्रस्तुतियाँ दीं, जिससे उपस्थित जनसमूह भावविभोर हो उठा। वहीं पुलिस कर्मियों को ईमानदारी, कर्तव्यपरायणता एवं समर्पण भाव से अपने दायित्वों के निर्वहन की शपथ दिलाई गई तथा संविधान की रक्षा का संदेश दिया गया।
पुलिस ग्राउंड में आयोजित यह गणतंत्र दिवस समारोह न केवल राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान का प्रतीक रहा, बल्कि पुलिस बल की राष्ट्रसेवा के प्रति प्रतिबद्धता को भी सशक्त रूप से दर्शाता नजर आया।







Comments
Post a Comment