181 हेल्पलाइन शिकायत के झूठे निराकरण का आरोप
- पीड़ित ने कलेक्टर से निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की
भारत सागर न्यूज/देवास। जिले के टोकखुर्द तहसील अंतर्गत ग्राम निपान्या निवासी शिवपाल सिंह पवार ने प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाते हुए 181 सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज अपनी शिकायत के कथित झूठे निराकरण को लेकर कलेक्टर देवास से हस्तक्षेप की मांग की है। शिकायत क्रमांक 36324548, दिनांक 13 जनवरी 2026, के संबंध में संबंधित विभाग द्वारा गलत जानकारी प्रस्तुत कर प्रशासन को गुमराह किए जाने का आरोप लगाया गया है। प्रार्थी का कहना है कि जनपद पंचायत के सीईओ (एल 1 अधिकारी) द्वारा 6 फरवरी 2026 को जो निराकरण दर्ज किया गया, वह पूरी तरह तथ्यहीन है।
शिकायत में दर्शाए गए व्यक्ति संजय सिंह को विभाग ने उनका भाई या पारिवारिक सदस्य बताया, जबकि शिवपाल सिंह पवार के अनुसार वह न तो उनके परिवार का सदस्य है और न ही विवाद पारिवारिक प्रकृति का है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि शिकायत के संबंध में किसी अधिकारी ने उनसे फोन पर संपर्क नहीं किया, जबकि निराकरण में बातचीत का उल्लेख किया गया है। शिकायतकर्ता के अनुसार वास्तविक समस्या पड़ोसी द्वारा गंदगी फैलाने से जुड़ी है।
आरोप है कि पड़ोसी द्वारा पशुओं का मूत्र, गोबर और गंदा पानी उनके घर और रसोई की दीवार की ओर फेंका जा रहा है, जिससे बदबू और अस्वच्छता के कारण परिवार के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। प्रार्थी का कहना है कि मौके पर मात्र लगभग 10 फीट पाइप लगवाकर गंदे पानी की दिशा बदली जा सकती है, जिससे विवाद समाप्त हो सकता है, लेकिन इस दिशा में कोई कार्रवाई नहीं की गई। शिवपाल सिंह पवार ने कलेक्टर से मांग की है कि शिकायत का निराकरण उच्च स्तर की निगरानी में दोबारा कराया जाए तथा गलत जानकारी देकर प्रशासन को गुमराह करने वाले संबंधित विभागीय अधिकारियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि गलत निराकरण के कारण उनका परिवार न्याय से वंचित हो रहा है और मूल समस्या जस की तस बनी हुई है।



Comments
Post a Comment