कृषक कल्याण वर्ष–2026 के अंतर्गत कृषि रथ से पंचायत स्तर पर कृषकों से संवाद जारी

 जिला जनसम्पर्क कार्यालय, देवास




भारत सागर न्यूज/देवास।
कृषक कल्याण वर्ष–2026 के अंतर्गत जिले में कृषि एवं इससे सम्बद्ध विभागों के अधिकारियों के संयुक्त दल द्वारा ‘कृषि रथ’ के माध्यम से ग्राम पंचायत स्तर पर निरंतर भ्रमण कर कृषकों से सीधा संवाद किया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार को कृषि रथ ग्राम पंचायत सोंडा, ग्राम पंचायत आगरोद एवं ग्राम पंचायत बगाना पहुँचा।




उपसंचालक कृषि ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान कृषि, उद्यानिकी एवं पशुपालन विभाग के अधिकारियों द्वारा उपस्थित कृषकों से परस्पर संवाद कर शासन की विभिन्न कृषि कल्याणकारी योजनाओं एवं नवीन कृषि तकनीकों की जानकारी दी गई। कृषि विभाग के अधिकारियों ने नरवाई न जलाने की अपील करते हुए इसके मृदा स्वास्थ्य एवं पर्यावरण पर पड़ने वाले दुष्परिणामों के संबंध में कृषकों को जागरूक किया। साथ ही उर्वरक वितरण की नवीन ई-टोकन प्रणाली की प्रक्रिया एवं इसके लाभों की जानकारी भी प्रदान की गई।




संवाद के दौरान फसल विविधीकरण, बाजार आधारित खेती पर निर्भरता कम करने, भूमि में कार्बनिक पदार्थ एवं लाभदायक सूक्ष्म जीवाणुओं की उपयोगिता बढ़ाने पर विशेष बल दिया गया। इसके साथ ही प्राकृतिक खेती अपनाने की आवश्यकता पर भी विस्तृत चर्चा की गई।




उद्यानिकी विभाग द्वारा पीएमएफएमई योजनान्तर्गत खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों की स्थापना हेतु उपलब्ध आसान ऋण सुविधाओं, फलोद्यान विकास सहित विभागीय योजनाओं की जानकारी कृषकों को दी गई। वहीं दीपज्योति किसान प्रोड्यूसर कंपनी, खेरखेड़ा (सतवास) के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) द्वारा जैविक खेती एवं अग्निहोत्र के महत्व पर आधारित अपने व्यावहारिक अनुभव कृषकों के साथ साझा किए गए।




कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि दीपक राव, अंकेश राठौर, कृषि विस्तार अधिकारी, बीटीएम सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कृषकों ने सहभागिता की तथा प्राप्त जानकारी को उपयोगी बताते हुए शासन की इस पहल की सराहना की।

Comments

Popular posts from this blog

हाईवे पर होता रहा मौत का ख़तरनाक तांडव, दरिंदों ने कार से बांधकर युवक को घसीटा

आपत्तिजनक अवस्था में पकड़े गये देवास के मोहनलाल को उम्रकैद !

सतपुड़ा एकेडमी में हुआ देवी स्वरूपा कन्याओं का पूजन