शासकीय भूमि पर 50 हरे-भरे पेड़ों की अवैध कटाई, निगम ने बनाया पंचनाम ...
- कॉलोनाइज़र पर सख्त कार्रवाई की मांग
भारत सागर न्यूज/देवास। एबी रोड स्थित रामपुरा (रसलपुर) क्षेत्र में विकसित हो रही किंग पार्क कॉलोनी के विस्तार के लिए शासकीय भूमि पर खड़े लगभग 50 हरे-भरे छायादार पेड़ों की अवैध कटाई का मामला सामने आया है। इस संबंध में सामाजिक संस्था नेशनल यूनिटी ग्रुप द्वारा पिछले माह जनसुनवाई में जिला कलेक्टर एवं महापौर से शिकायत की गई थी।
संस्था के संस्थापक अनिल सिंह ठाकुर ने बताया कि शिकायत के बाद 11 फरवरी को नगर निगम का संबंधित विभाग मौके पर पहुंचा और निरीक्षण कर पंचनामा तैयार किया। निरीक्षण के दौरान उद्यान पर्यवेक्षक गोपाल परमार और सुपरवाइजर रवि पाटीदार उपस्थित रहे। जांच में पाया गया कि शासकीय भूमि पर खड़े बबूल प्रजाति के लगभग 50 पेड़ों को कॉलोनाइज़र द्वारा कथित रूप से अवैध रूप से काटा गया है। मौके से पेड़ों की लकड़ी और तने भी बरामद किए गए।
अधिकारियों के अनुसार कटे हुए पेड़ों के तनों की परिधि 2 फीट से 4.5 फीट तक तथा अनुमानित ऊंचाई लगभग 40 फीट थी। संपूर्ण घटनाक्रम का साक्ष्यों सहित सत्यापन कर पंचनामा तैयार किया गया। पंचनामा शिकायतकर्ताओं को पढ़कर सुनाया गया, जिसके बाद उनके हस्ताक्षर भी कराए गए।
इस दौरान संस्था के सुनील सिंह ठाकुर, हटेसिंह दरबार, लक्ष्मण सिंह सिसोदिया, जितेंद्र मारू, सत्यराज सिंह और जयसिंह ठाकुर सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
नेशनल यूनिटी ग्रुप ने नगर निगम आयुक्त एवं संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि शासकीय भूमि पर अवैध रूप से पेड़ों की कटाई करने वाले कॉलोनाइज़र के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की पर्यावरणीय क्षति को रोका जा सके।






Comments
Post a Comment