8 माह से लंबित 3% महंगाई राहत और स्वास्थ्य बीमा योजना लागू करने की मांग, पुलिस पेंशनर्स संघ ने दिया ज्ञापन
भारत सागर न्यूज/देवास। पुलिस पेंशनर्स संघ ने 17 फरवरी को प्रांतीय अध्यक्ष महेंद्र सिंह परिहार के आदेशानुसार लंबित तीन प्रतिशत महंगाई राहत तत्काल प्रदान करने एवं प्रस्तावित स्वास्थ्य बीमा योजना को शीघ्र लागू करने की मांग को लेकर शासन का ध्यान आकर्षित किया है। इस संबंध में पुलिस पेंशनर्स संघ जिला देवास द्वारा मुख्यमंत्री के नाम कलेक्ट्रट में ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में बताया गया कि प्रदेश के लगभग 5 लाख 50 हजार पेंशनर्स को विगत आठ माह से तीन प्रतिशत महंगाई राहत का लाभ नहीं मिला है। संघ के जिलाध्यक्ष महिपाल सिंह राजावत ने कहा कि केंद्र सरकार ने अपने पेंशनर्स को 1 जुलाई 2025 से तीन प्रतिशत महंगाई राहत बढ़ाकर कुल 58 प्रतिशत कर दी है, जबकि मध्यप्रदेश शासन द्वारा अब तक केंद्र के समान राहत प्रदान नहीं की गई है।
इससे पेंशनर्स को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। संघ ने यह भी उल्लेख किया कि प्रदेश सरकार द्वारा पूर्व में पेंशनर्स के लिए स्वास्थ्य बीमा योजना लागू करने पर विचार किया गया था। प्रस्तावित योजना के अंतर्गत पेंशनर्स से प्रीमियम राशि लेकर 10 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा कवर देने की बात कही गई थी
तथा इसे कैबिनेट से स्वीकृति दिलाकर लागू करने का आश्वासन दिया गया था। पुलिस पेंशनर्स संघ ने मांग की है कि लंबित महंगाई राहत का भुगतान शीघ्र किया जाए तथा स्वास्थ्य बीमा योजना को तत्काल कैबिनेट से स्वीकृति प्रदान कर लागू किया जाए, जिससे वृद्ध पेंशनर्स को गंभीर बीमारियों के उपचार में आर्थिक सहयोग मिल सके।
संघ ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो पेंशनर्स आगे की रणनीति तय करने को बाध्य होंगे। ज्ञापन के दौरान कार्यकारी अध्यक्ष लोकेन्द्र व्यास, उपाध्यक्ष रमेश कलथिया, एसआई धनसिंह, एएसआई नारायण चौधरी, आरिफ खान, बाबू खान, कैलाश सिसोदिया, सुभाष पंड्या, रामप्रसाद, मातृशक्ति सावित्री बाई, जसोदा बाई आदि अन्य संघ के सदस्य उपस्थित थे।





Comments
Post a Comment