सोनकच्छ से नेवरी फाटा धाम तक निकाली गई सबसे बड़ी निशान यात्रा

 जगह जगह गूंजा "जय श्री श्याम"




भारत सागर न्यूज/विजेंद्र नागर/सोनकच्छ/नेवरी फाटा।
देवास जिले की सबसे बड़ी और ऐतिहासिक मानी जा रही भव्य श्री श्याम निशान पद यात्रा सोनकच्छ से नेवरी फाटा धाम तक श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली गई। फागण माह में आयोजित इस तृतीय वर्ष की यात्रा में हजारों श्याम प्रेमियों की आस्था उमड़ पड़ी। 




यात्रा का जगह-जगह भव्य स्वागत किया गया और पूरा मार्ग भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा। यात्रा का शुभारंभ नगर के प्रसिद्ध श्री बिजासन माता मंदिर से विधि-विधान के साथ हुआ। इस अवसर पर भक्तों द्वारा पदयात्रियों पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। मंदिर परिसर में श्याम भक्तों को साबूदाना खिचड़ी का फलाहार कराया गया तथा क्षेत्र की सुख-समृद्धि की मंगलकामना की गई। 




सैकड़ों श्रद्धालु हाथों में पावन निशान लेकर “हारे के सहारे, बाबा श्याम हमारे” के जयकारों के साथ नेवरी फाटा धाम की ओर रवाना हुए। महिला, पुरुष, युवा, बुजुर्ग और बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ भागीदारी निभाई। कई भक्त लगभग 100 किलोमीटर दूर से भी आस्था के साथ यात्रा में शामिल हुए। निशान यात्रा का मार्ग में विभिन्न स्थानों पर समाजसेवियों द्वारा पुष्पवर्षा कर श्याम भक्तों का अभिनंदन किया।  




यात्रा की ट्रैफिक व्यवस्था में सोनकच्छ थाना प्रभारी श्याम गुर्जर एवं भंवरासा थाना प्रभारी अनिता सिंह पुलिस बल के साथ मुस्तैदी से लगे रहे। उनकी निगरानी में यातायात व्यवस्था सुचारू रही और पूरी यात्रा शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। नेवरी फाटा स्थित खाटू श्याम मंदिर नेवरी फाटा धाम पहुंचने पर समिति द्वारा पदयात्रियों का भव्य स्वागत किया गया। फाग महोत्सव के अवसर पर इत्र वर्षा, पुष्पवर्षा और गुलाल वर्षा की गई। अंत में बाबा की भव्य आरती एवं विशाल भंडारे के साथ यात्रा का समापन हुआ, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। यह आयोजन भक्ति, अनुशासन, सामाजिक एकता और प्रशासनिक समन्वय का अद्भुत उदाहरण बन गया।

Comments

Popular posts from this blog

आपत्तिजनक अवस्था में पकड़े गये देवास के मोहनलाल को उम्रकैद !

हाईवे पर होता रहा मौत का ख़तरनाक तांडव, दरिंदों ने कार से बांधकर युवक को घसीटा

सतपुड़ा एकेडमी में हुआ देवी स्वरूपा कन्याओं का पूजन