छोटीसादड़ी अस्पताल में मीडियाकर्मी का मोबाइल छीनकर फेंका, घटना सीसीटीवी कैमरे में हुई कैद, थाने में दर्ज कराया मामला
भारत सागर न्यूज/छोटीसादड़ी। शनिवार देर रात करीब 11 बजे छोटीसादड़ी के उपजिला चिकित्सालय परिसर में कवरेज करने पहुंचे मीडियाकर्मी के साथ अभद्रता का मामला सामने आया है। घटना अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पीड़ित मीडियाकर्मी ने छोटीसादड़ी पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है, जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार छोटीसादड़ी निवासी महेश कुमार माली शनिवार रात एक्सीडेंट घटना की कवरेज के सिलसिले में राजकीय अस्पताल पहुंचे थे। इसी दौरान वहां मौजूद अनुराग राव मराठा उर्फ छोटू राव ने उनके साथ कथित रूप से गाली-गलौज करते हुए हाथापाई की और उनका मोबाइल फोन छीनकर जमीन पर फेंक दिया, जिससे पत्रकार को मानसिक आघात पहुंचा और उनके कार्य में बाधा उत्पन्न हुई।
पीड़ित ने बताया कि वह प्रेस क्लब वेलफेयर वर्ल्डवाइड के सदस्य हैं तथा डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘सत्यम सत्य मीडिया’ में नेशनल कोऑर्डिनेटर के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने कहा कि ड्यूटी के दौरान इस प्रकार की घटना निंदनीय है और इससे पत्रकारों में रोष व्याप्त है।
इधर, पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर प्रकरण दर्ज कर अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कर दी है। थानाधिकारी ने बताया कि फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना को लेकर क्षेत्र के पत्रकारों ने नाराजगी जताई है और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि इस तरह की घटनाएं मीडिया की स्वतंत्रता पर आघात हैं और भविष्य में ऐसी पुनरावृत्ति रोकने के लिए कड़ी कार्रवाई आवश्यक है।




Comments
Post a Comment