एमजी अस्पताल में जननी व संबल योजना की राशि में गड़बड़ी का आरोप, आवेदन देकर कलेक्टर से की जांच की मांग

- भ्रष्टाचार कर सी एम हेल्पलाइन शिकायत को भ्रामक जानकारी देकर किया बंद

- हितग्राही को अपात्र बताकर राशि अन्य खातों में स्थानांतरित




भारत सागर न्यूज/देवास। एम. जी. अस्पताल देवास में प्रसव के बाद मिलने वाली जननी सुरक्षा योजना एवं संबल योजना की राशि के वितरण में गड़बड़ी किए जाने तथा सी.एम. हेल्पलाईन पर कथित रूप से गलत जानकारी दर्ज कर शिकायत बंद करने का मामला सामने आया है। 




इस संबंध में शिकायतकर्ता अजय योगी द्वारा कलेक्ट्रेट में जिलाधीश के नाम लिखित शिकायत सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग की गई है। शिकायत के अनुसार पार्वती पति पवन, ग्राम बालोदिया जिला शाजापुर का प्रसव 28 जनवरी 2025 को एमजी अस्पताल देवास में हुआ था। 




प्रसव के बाद हितग्राही को जननी सुरक्षा एवं संबल योजना की निर्धारित राशि मिलना थी, लेकिन 9 माह बीत जाने के बाद भी राशि प्राप्त नहीं हुई। इसके बाद हितग्राही द्वारा 1 सितंबर 2025 को सी.एम. हेल्पलाईन पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई गई। आरोप है कि उक्त शिकायत को 17 अक्टूबर 2025 को यह बताते हुए बंद कर दिया गया कि हितग्राही योजना के लिए अपात्र है। 




शिकायतकर्ता का कहना है कि बाद में जानकारी मिली कि हितग्राही पार्वती के नाम की राशि किसी अन्य व्यक्ति के खाते में स्थानांतरित कर दी गई। साथ ही, सी.एम. हेल्पलाईन पोर्टल पर कथित रूप से गलत व भ्रामक जानकारी दर्ज कर शिकायत बंद कर दी गई, जिससे हितग्राही अपने हक से वंचित हो गई। 




शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि पूर्व में भी इस प्रकार की अनियमितताएं होती रही हैं, जहां किसी हितग्राही की राशि अन्य व्यक्तियों के खातों में चली जाती है। शिकायतकर्ता का दावा है कि शिकायत होने पर भ्रामक जानकारी देकर मामलों को बंद कर दिया जाता है तथा वास्तविक दोषियों से वसूली नहीं की जाती। 




मामले में लेखापाल, सिविल सर्जन, सी.एम. हेल्पलाईन ऑपरेटर एवं संबंधित नोडल अधिकारी की भूमिका की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई है। शिकायतकर्ता ने कलेक्टर से अनुरोध किया है कि शासन की योजनाओं की विश्वसनीयता बनाए रखने तथा हितग्राहियों को न्याय दिलाने के लिए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।

Comments

Popular posts from this blog

हाईवे पर होता रहा मौत का ख़तरनाक तांडव, दरिंदों ने कार से बांधकर युवक को घसीटा

आपत्तिजनक अवस्था में पकड़े गये देवास के मोहनलाल को उम्रकैद !

सतपुड़ा एकेडमी में हुआ देवी स्वरूपा कन्याओं का पूजन