खेल प्रतियोगिताओं और पारिवारिक परिचय के साथ गुर्जर समाज का आयोजन सम्पन्न




भारत सागर न्यूज देवास। सामाजिक एकता, पारिवारिक परिचय और सांस्कृतिक सहभागिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भुआना प्रांतीय गुर्जर समाज द्वारा मक्सी बायपास स्थित मातृकृपा गार्डन में एक भव्य मिलन समारोह का आयोजन किया गया। 




कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों से आए परिवारों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली। समारोह की विशेष आकर्षण रही मातृशक्ति द्वारा आयोजित खेल प्रतियोगिताएं, जिनमें महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से न केवल मनोरंजन हुआ, बल्कि आपसी आत्मीयता और सहभागिता भी मजबूत हुई। 




विजेता प्रतिभागियों को उपहार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान समाज के वरिष्ठजनों ने आशीर्वचन देते हुए समाज की एकता, परंपराओं और नई पीढ़ी को संस्कारों से जोड़ने पर बल दिया। उन्होंने इस प्रकार के आयोजनों को समाज की मजबूती के लिए आवश्यक बताया। समारोह का सफल संचालन नितेश मोरछले एवं आशीष बटानिया द्वारा किया गया। 




दोनों संचालकों ने पूरे कार्यक्रम को रोचक और व्यवस्थित बनाए रखा, जिससे उपस्थित जनसमूह पूरे समय जुड़ा रहा। इस अवसर पर उपस्थित समाजजनों ने आपस में अपने-अपने परिवारों का परिचय साझा किया। इस परिचय सत्र ने पारिवारिक संबंधों को मजबूत करने और नई पीढ़ी को एक-दूसरे से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य किया। कार्यक्रम के अंत में उमेश मोरछले ने सभी उपस्थित समाजजनों, आयोजकों और सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज की एकता और भाईचारे की भावना को सुदृढ़ करते हैं।

Comments

Popular posts from this blog

आपत्तिजनक अवस्था में पकड़े गये देवास के मोहनलाल को उम्रकैद !

सतपुड़ा एकेडमी में हुआ देवी स्वरूपा कन्याओं का पूजन

हाईवे पर होता रहा मौत का ख़तरनाक तांडव, दरिंदों ने कार से बांधकर युवक को घसीटा