बिजली बिल जमा करने पहुंचे गरीब उपभोक्ता से अभद्रता का आरोप

- थैला गाड़ी जब्त करने और किस्त सुविधा न देने की शिकायत कलेक्टर तक पहुंची




भारत सागर न्यूज/देवास।
ग्राम बरोठा निवासी चेन सिंह बागरी ने बिजली विभाग के एक अधिकारी पर अभद्र व्यवहार और कानूनी धमकी देने का आरोप लगाते हुए जनसुनवाई में कलेक्टर देवास से शिकायत की है। उन्होंने जनसुनवाई के माध्यम से आवेदन प्रस्तुत कर कहा कि वे आर्थिक रूप से बेहद कमजोर हैं और अंत्योदय योजना श्रेणी में जीवनयापन कर रहे हैं। 




शिकायत में बताया गया है कि चेन सिंह पिछले दो वर्षों से गंभीर बीमारी के कारण नियमित काम नहीं कर पा रहे थे। किसी तरह उधार लेकर खरीदी गई उनकी थैला गाड़ी ही परिवार के भरण-पोषण का एकमात्र साधन थी, जिसे वे टप्पा न्यायालय बरोठा के सामने लगाते थे। आरोप है कि 31 जनवरी 2026 को बिजली विभाग के अधिकारी पी.सी. मेहता की टीम उनके अनुपस्थित रहने पर थैला गाड़ी, पानी की पाइप सहित अन्य सामान जब्त कर ले गई। चेन सिंह का कहना है कि उन्होंने हाल ही में जनसुनवाई में बिजली बिल कम कराने और मीटर लगवाने के लिए आवेदन दिया था। 




वहां उन्हें आश्वासन दिया गया कि वे जोन कार्यालय जाकर बिल किस्तों में जमा करने की प्रक्रिया कर सकते हैं। लेकिन जब वे जोन कार्यालय पहुंचे तो संबंधित अधिकारी ने कथित रूप से उन पर नाराजगी जताई, अभद्र भाषा का उपयोग किया और कानूनी कार्रवाई की धमकी दी। उन्होंने बताया कि उनके घर में केवल दो सीएफएल बल्ब, एक टीवी और एक पंखा उपयोग में आता है, फिर भी बिल अपेक्षाकृत अधिक आ रहा है। 




उनका आरोप है कि न तो सही मीटर रीडिंग ली जाती है और न ही नया मीटर लगाया गया है। प्रार्थी ने कलेक्टर से मांग की है कि उनके घर पर नया मीटर लगवाकर वास्तविक खपत के आधार पर बिल दिया जाए तथा संबंधित अधिकारी को गरीब उपभोक्ताओं के साथ दुर्व्यवहार न करने के निर्देश दिए जाएं। मामला सामने आने के बाद प्रशासनिक स्तर पर जांच की संभावना जताई जा रही है।

Comments

Popular posts from this blog

आपत्तिजनक अवस्था में पकड़े गये देवास के मोहनलाल को उम्रकैद !

हाईवे पर होता रहा मौत का ख़तरनाक तांडव, दरिंदों ने कार से बांधकर युवक को घसीटा

सतपुड़ा एकेडमी में हुआ देवी स्वरूपा कन्याओं का पूजन