देवास में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की समस्याओं को लेकर कलेक्टर से मिला प्रतिनिधिमंडल
भारत सागर न्यूज/देवास। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की विभिन्न समस्याओं को लेकर आंगनबाड़ी संघ का एक प्रतिनिधिमंडल प्रदेश महामंत्री रंजना राणा के नेतृत्व में कलेक्टर ऋतुराज सिंह से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने आगामी जनगणना कार्य सहित अन्य मुद्दों पर चर्चा करते हुए मांगपत्र सौंपा।
संघ पदाधिकारियों ने बताया कि पूर्व में हुई जनगणना के दौरान आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की ड्यूटी लगाई गई थी, लेकिन उन्हें कोई मानदेय नहीं दिया गया, जबकि शिक्षकों को भुगतान किया गया था। उन्होंने मांग की कि यदि आगामी जनगणना में कार्यकर्ताओं की ड्यूटी लगाई जाती है तो उन्हें शिक्षकों के समान मानदेय दिया जाए और उन्हें जनगणना अधिकारी बनाया जाए। साथ ही सहायक के रूप में ड्यूटी न लगाई जाए, क्योंकि अधिकांश कार्य आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा ही किया जाता है।
प्रतिनिधिमंडल ने यह भी बताया कि एसआईआर जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में कार्यकर्ताओं ने मेहनत से कार्य किया, लेकिन उन्हें कोई अतिरिक्त राशि नहीं मिली। इसके अलावा आभा आईडी और अपार आईडी बनाने में तकनीकी समस्याएं आ रही हैं तथा कई हितग्राहियों द्वारा दस्तावेज अपडेट नहीं कराने के कारण समग्र सत्यापन कार्य प्रभावित हो रहा है।
संघ ने मांग की कि जनगणना अवधि के दौरान आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को नियमित आंगनवाड़ी कार्य से मुक्त रखा जाए, ताकि वे सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन सुचारु रूप से कर सकें।
इस अवसर पर संभाग उपाध्यक्ष शर्मिला ठाकुर, जिला महामंत्री स्नेह लता गौड़, सोनू पाठक, दीक्षिता त्रिवेदी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।





Comments
Post a Comment