पंचक्रोशी यात्रा मार्ग का वरिष्ठ अधिकारियों ने किया निरीक्षण: लोक कल्याण और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यवस्थाएं चाक-चौबंद
भारत सागर न्यूज/उज्जैन/संजय शर्मा । धार्मिक नगरी उज्जैन में आगामी पंचक्रोशी यात्रा की तैयारियों को लेकर शनिवार को वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों ने यात्रा मार्ग का सघन निरीक्षण किया। संभागायुक्त आशीष सिंह, डीआईजी नवनीत भसीन, कलेक्टर रौशन कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा सहित अन्य अधिकारियों ने पटनी बाजार स्थित नागचंद्रेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर पूजन-अर्चन किया।
अधिकारियों ने मंदिर परिसर में पानी की टंकी की सफाई, सीसीटीवी कैमरे, लाइट और एलईडी स्क्रीन की व्यवस्थाओं को तत्काल दुरुस्त करने के कड़े निर्देश दिए। इस दौरान नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा और जिला पंचायत सीईओ श्रेयांस कूमट सहित संबंधित विभागों के आला अधिकारी मौजूद रहे।
अधिकारियों के दल ने बस के माध्यम से यात्रा मार्ग का अवलोकन करते हुए उंडासा और पिंगलेश्वर पड़ाव स्थलों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान निर्देश दिए गए कि केवल मुख्य पड़ाव स्थलों पर ही नहीं, बल्कि यात्रा मार्ग के बीच-बीच में भी पेयजल की समुचित व्यवस्था की जाए।
सुरक्षा की दृष्टि से रास्ते में आने वाले सभी बड़े और खुले कुंओं की बैरिकेडिंग करने को कहा गया है ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य श्रद्धालुओं के लिए यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाना है।
पिंगलेश्वर पड़ाव स्थल पर व्यवस्थाओं को लेकर विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। अधिकारियों ने यहाँ पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और अस्थाई शौचालयों के निर्माण पर जोर दिया। इसके साथ ही पास में स्थित रेलवे ओवरब्रिज पर सुरक्षा की दृष्टि से अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे और लाइटिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। वन मंडल अधिकारी अनुराग तिवारी और एडीएम अतेंद्र सिंह गुर्जर सहित पूरी टीम ने व्यवस्थाओं को समय सीमा में पूर्ण करने का संकल्प दोहराया। प्रशासन की यह सक्रियता यात्रा के दौरान लोक कल्याण और व्यवस्थाओं की सुदृढ़ता सुनिश्चित करेगी।





Comments
Post a Comment