अल्बानिया में उज्जैन की प्रियांशी का ‘सिल्वर पंच’, सीएम मोहन यादव की पहल से सुरक्षित वतन वापसी
भारत सागर न्यूज/उज्जैन/संजय शर्मा । उज्जैन की होनहार पहलवान प्रियांशी प्रजापत ने अल्बानिया की राजधानी तिराना में आयोजित सीनियर वर्ल्ड रैंकिंग रेसलिंग टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीतकर देश और शहर का नाम रोशन किया है।
प्रियांशी ने 50 किलो भार वर्ग में ओलंपियन खिलाड़ियों को कड़ी टक्कर देते हुए सिल्वर मेडल अपने नाम किया। 26 तारीख को मिली इस जीत के बाद मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध जैसे हालात और तनाव के कारण कई फ्लाइट्स रद्द हो गईं, जिससे प्रियांशी अन्य खिलाड़ियों के साथ विदेश में ही फंस गई थीं।
इस दौरान प्रियांशी के पिता मुकेश प्रजापत ने मदद की गुहार लगाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने तुरंत सक्रियता दिखाई और केंद्र सरकार से समन्वय कर खिलाड़ियों की सुरक्षित स्वदेश वापसी सुनिश्चित कराई।
मुख्यमंत्री के प्रयासों से प्रियांशी अब सुरक्षित दिल्ली पहुंच चुकी हैं, जहां प्रधानमंत्री द्वारा पूरी टीम से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किए जाने की जानकारी मिली है।
मुकेश प्रजापत ने बताया कि प्रियांशी जल्द ही अपनी जन्मभूमि उज्जैन पहुंचेंगी। इससे पहले भी वे वियतनाम में गोल्ड मेडल जीतकर देश का गौरव बढ़ा चुकी हैं। पिता ने इस सफलता को प्रियांशी की वर्षों की मेहनत, संघर्ष और समर्पण का परिणाम बताया।
फिलहाल उज्जैन में अपनी ‘सिल्वर गर्ल’ प्रियांशी प्रजापत के भव्य स्वागत की तैयारियां शुरू हो गई हैं और शहरवासी उनकी घर वापसी का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।







Comments
Post a Comment