खाचरौद में स्वच्छ पेयजल व्यवस्था को लेकर नगर पालिका सक्रिय, टंकियों और फिल्टर प्लांट की नियमित सफाई
भारत सागर न्यूज/खाचरौद। नगर के नागरिकों को साफ और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए नगर पालिका परिषद लगातार प्रयास कर रही है। इसी क्रम में नगर में पानी की टंकियों और फिल्टर प्लांट की नियमित सफाई का कार्य किया जा रहा है, ताकि लोगों को सुरक्षित पेयजल मिल सके।
इस संबंध में जानकारी देते हुए नगर पालिका अध्यक्ष गोविन्द भरावा ने बताया कि परिषद ने चुनाव के समय नगरवासियों से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने का जो वादा किया था, उसे पूरी प्रतिबद्धता के साथ पूरा किया जा रहा है। परिषद द्वारा पूरे नगर में प्रतिदिन साफ और स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति की जा रही है।
उन्होंने बताया कि नायन स्थित नगर पालिका के फिल्टर प्लांट की हाल ही में सफाई करवाई गई है। साथ ही नगर की सभी पानी की टंकियों की समय-समय पर सफाई भी कराई जा रही है, ताकि जल की गुणवत्ता बनी रहे।
नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि नागरिकों को पेयजल को लेकर किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए परिषद लगातार कार्य कर रही है।
साथ ही अमृत योजना के तहत नगर के उन क्षेत्रों में भी पाइपलाइन बिछाने का प्रयास किया जा रहा है, जहां अब तक जल पाइपलाइन नहीं पहुंची है, ताकि वहां भी नियमित जल आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।





Comments
Post a Comment