बाढ़ पीड़ित परिवार को नहीं मिली आर्थिक सहायता फाइलों के फेर में उलझा न्याय
भारत सागर न्यूज/देवास। उदय नगर तहसील के ग्राम रातातालाई निवासी एक पीड़ित परिवार ने कलेक्टर कार्यालय में जनसुनवाई के दौरान आवेदन देकर गुहार लगाई है कि प्राकृतिक आपदा (बाढ़) में हुई मृत्यु के बावजूद उन्हें अब तक शासन की ओर से आर्थिक सहायता राशि (आरबीसी 6-4) प्राप्त नहीं हुई है।
मामले का विवरण -
आवेदक सुरेश भार्गव के अनुसार, उनके पिता स्व. नरसिंह भार्गव की मृत्यु 5 सितंबर 2025 को भारी वर्षा के कारण नदी में आई बाढ़ में डूबने से हो गई थी। घटना के संबंध में थाना उदय नगर में मर्ग क्रमांक 59/2025 दर्ज किया गया था और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागली में पोस्टमार्टम कराया गया था।
प्रशासनिक लापरवाही का आरोप -
आवेदक का कहना है कि उन्होंने आधार कार्ड, बैंक खाता, मृत्यु प्रमाण पत्र, मर्ग रिपोर्ट और पीएम रिपोर्ट जैसे सभी आवश्यक दस्तावेज तहसील कार्यालय उदय नगर में जमा कर दिए हैं। इसके बावजूद, पिछले 6 महीनों से परिवार तहसील और एसडीएम कार्यालय बागली के चक्कर काट रहा है।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि तहसील कार्यालय का कहना है कि फाइल एसडीएम कार्यालय भेज दी गई है।जबकि एसडीएम कार्यालय के संबंधित बाबू का कहना है कि उन्हें ऐसी कोई फाइल प्राप्त नहीं हुई है, जिससे फाइल के गुम होने की आशंका बनी हुई है।
कलेक्टर से हस्तक्षेप की मांग -
पीड़ित परिवार वर्तमान में गंभीर मानसिक और आर्थिक संकट से गुजर रहा है। आवेदक ने जिला कलेक्टर से प्रार्थना की है कि गुम हुई या लंबित फाइल को तत्काल खोजकर, सहायता राशि सीधे उनकी माता के बैंक खाते में अंतरित कराने के निर्देश दिए जाएं ताकि वृद्ध माता और परिवार को राहत मिल सके।




.jpeg)

Comments
Post a Comment