देवास में कुश्ती प्रतियोगिता के दौरान विवाद, मारपीट में बदला माहौल
भारत सागर न्यूज/देवास। देवास में देर रात आयोजित एक कुश्ती प्रतियोगिता उस समय विवादों में घिर गई, जब कार्यक्रम के दौरान अचानक माहौल तनावपूर्ण हो गया और देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया।
जानकारी के अनुसार, शहर के एलएनबी क्लब में चल रही इस प्रतियोगिता में पहलवानों और दर्शकों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि विवाद की शुरुआत कुश्ती के नियमों को लेकर हुई। आरोप लगाया गया कि एक पहलवान को गलत वजन वर्ग में उतारा गया, जिससे खिलाड़ियों और आयोजकों के बीच तनाव बढ़ गया।
स्थिति जल्द ही नियंत्रण से बाहर हो गई और कुश्ती का अखाड़ा जंग का मैदान बन गया। लोगों ने एक-दूसरे पर कुर्सियां फेंकना शुरू कर दिया, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई। इस घटना में कई लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में करते हुए प्रतियोगिता को बंद करवा दिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
इस घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिससे खेल आयोजन की व्यवस्थाओं और सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।l




Comments
Post a Comment